सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं, समाधान के लिए दिए सख्त निर्देश
सारांश
Key Takeaways
- सीएम योगी ने समस्याओं का प्राथमिकता पर समाधान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
- जनता दर्शन में किसानों और खिलाड़ियों की समस्याएं उठाई गईं।
- सरकार पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है।
- स्थानीय प्रशासन को ग्रामीणों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया।
- सीएम ने अवैध कॉलोनी और जमीन विवादों पर भी ध्यान दिया।
लखनऊ, 30 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी के प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और अधिकारियों को आदेश दिया कि इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की उचित समस्या के समाधान के लिए संकल्पबद्ध है। उन्नाव के बांगरमऊ से आईं ममता तिवारी ने सीएम को प्रार्थना पत्र देते हुए कुछ लोगों पर मंदिर में कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि ये लोग मंदिर में पूजा करने से भी रोक रहे हैं।
इस पर सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत पुलिस अधीक्षक को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बदायूं से आए एक किसान ने बताया कि कुछ व्यक्तियों ने उनकी फसल को नुकसान पहुँचाया है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं हो रही। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना चाहिए। दोषियों के खिलाफ तुरंत विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
बलरामपुर से आए एक फरियादी ने बताया कि गाँव की सड़क की हालत बहुत खराब है। ग्राम प्रधान कई वर्षों से इसका निर्माण नहीं होने दे रहे हैं, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। इस पर सीएम ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि वे गाँव में जाकर ग्रामीणों से चर्चा करें और स्थिति का सही आकलन करें।
‘जनता दर्शन’ में एक खिलाड़ी ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वह निशानेबाज हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से लाइसेंस दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है।
इस दौरान जमीन और पारिवारिक विवाद से संबंधित मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को उचित कार्रवाई का आदेश दिया। लखनऊ से एक फरियादी ने अवैध कॉलोनी से संबंधित मुद्दा उठाया, जिस पर सीएम ने आवास आयुक्त को निर्देशित किया कि नियमानुसार कार्रवाई करें। कुछ जनपदों से आए फरियादियों ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की है और कुछ ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया।
सीएम योगी ने सभी मामलों पर कार्रवाई का निर्देश देते हुए पीड़ितों की संतुष्टि पर जोर दिया। सरोजिनी नगर से आए एक फरियादी ने जमीन कब्जाने और बाउंड्रीवाल तोड़ने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम सरोजिनी नगर को मामले के निस्तारण का निर्देश दिया गया।