दिल्ली में जल आपूर्ति पर अलर्ट: कई क्षेत्रों में होगी बाधित सेवा
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 11 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली जल बोर्ड ने पानी की सप्लाई को लेकर कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है। विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 11 मार्च को भूमिगत जलाशय (यूजीआर) और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की वार्षिक सफाई के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। दिल्ली जल बोर्ड ने नागरिकों से खेद जताते हुए अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पानी पहले से ही स्टोर कर लें।
विभाग के अनुसार, इस रखरखाव कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और रोहिणी के कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई अस्थायी रूप से बाधित हो सकती है। प्रभावित इलाकों में शालीमार बाग का बीएफ ब्लॉक, मदिपुर गांव, जे.जे. कॉलोनी, पश्चिम विहार एक्सटेंशन, पश्चिम पुरी के पॉकेट-1, 2 और 3, मुल्तान नगर, ज्वाला हेरी गांव और पीतमपुरा के जनता फ्लैट्स शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, न्यू मोती नगर, मदिपुर के स्लम क्वार्टर, मौजपुर, ब्रह्मपुरी, जगजीत नगर, करतार नगर, विजय कॉलोनी, गौतम विहार और घोंडा गांव जैसे आसपास के कई इलाकों में भी जल आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है।
पूर्वी दिल्ली के बाबरपुर, बलबीर नगर, गोरख पार्क, कबीर नगर, ज्योति कॉलोनी, शिवाजी पार्क, रोहताश नगर और चंदरलोक जैसे क्षेत्रों में भी इस दौरान पानी की कमी हो सकती है। गोकुलपुरी, दुर्गापुरी, अशोक नगर, नाथू कॉलोनी, मानसरोवर पार्क और राम नगर जैसे क्षेत्रों में भी जल आपूर्ति पर असर पड़ेगा। साथ ही, सीमापुरी, नंद नगरी, जहांगीरपुरी, रोहिणी सेक्टर-11, सेक्टर-15 और सेक्टर-23 के कुछ हिस्सों में भी पानी की सप्लाई प्रभावित होगी।
दिल्ली जल बोर्ड ने कहा है कि जिन इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित होगी, वहां आवश्यकता होने पर टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए लोगों को आपातकालीन सेवाओं के कंट्रोल रूम नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। शास्त्री पार्क, सीलमपुर, ग्रेटर कैलाश, गिरी नगर, जल सदन, वसंत कुंज, छत्तरपुर और आर.के. पुरम के कंट्रोल रूम से पानी के टैंकर की व्यवस्था की जा सकती है।
विभाग ने यह भी बताया कि पानी से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में लोग दिल्ली जल बोर्ड के वाटर इमरजेंसी नंबर 1916 पर संपर्क कर सकते हैं।