दिल्ली के मयूर विहार में स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में मिली ड्राइवर की लाश
सारांश
Key Takeaways
- होंडा सिटी कार में मिला शव मयूर विहार में एक सनसनीखेज घटना है।
- पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
- कार उसी कार्यालय के कर्मचारी की बताई जा रही है जहाँ मृतक काम करता था।
- सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है।
- इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
नई दिल्ली, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पूर्वी क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्टार सिटी मॉल की बेसमेंट पार्किंग में खड़ी एक होंडा सिटी कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मयूर विहार क्षेत्र की है, जहां सुबह लगभग ८ बजे मॉल के कर्मचारियों ने रात से खड़ी एक कार पर ध्यान दिया। कार के शीशे बंद थे और अंदर कोई हलचल नहीं दिखाई दे रही थी।
संदेह होने पर जब कार का दरवाजा खोला गया, तो अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पाया गया। जाँच करने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। मयूर विहार थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कार के अंदर किसी प्रकार के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। वर्तमान में मौत के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है, या फिर बंद कार में दम घुटने के कारण मौत हुई हो। हालांकि, हत्या की संभावना को भी नकारा नहीं गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई का खुलासा होगा।
जानकारी में यह भी बताया गया है कि मॉल परिसर में एचडीएफसी लाइफ का कार्यालय स्थित है और कार उस कार्यालय में कार्यरत एक व्यक्ति, जिसका नाम गौरव है, की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गौरव ने कार चलाने के लिए ऑनलाइन ड्राइवर बुक किया था, और वही ड्राइवर कार के अंदर मृत मिला है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मॉल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है, और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं थी। पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि कार कब से पार्किंग में खड़ी थी।