प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
सारांश
Key Takeaways
- प्रधानमंत्री मोदी का उद्घाटन कार्यक्रम दिल्ली के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
- नई मेट्रो लाइनें दिल्लीवासियों के लिए यात्रा को सरल बनाएंगी।
- सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर 9.9 किलोमीटर लंबा होगा।
- सीएम रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
- दिल्ली मेट्रो की कुल लंबाई में वृद्धि होगी।
नई दिल्ली, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को एक महत्वपूर्ण विकास की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर शामिल हैं। पहला कॉरिडोर पिंक लाइन पर मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर के बीच है, जो विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। दूसरा कॉरिडोर मजेंटा लाइन पर दीपाली चौक-मजलिस पार्क के बीच है।
पीएम मोदी रविवार को फेज 5ए के तहत नए कॉरिडोर का भी शिलान्यास करेंगे, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों के लिए यात्रा करना और भी सुविधाजनक हो जाएगा। इसमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन शामिल हैं।
रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर की लंबाई 9.9 किलोमीटर होगी और यह अंडरग्राउंड बनेगा। इसमें नौ नए मेट्रो स्टेशन भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो सेक्शन की लंबाई 12.3 किलोमीटर है, जिसमें आठ एलिवेटेड स्टेशन हैं। यह कॉरिडोर पहले से चल रही मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस मेट्रो सेक्शन के जुड़ने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे दिल्ली देश की पहली पूरी तरह से चल रही रिंग मेट्रो बन जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को भी तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, राष्ट्रसेवा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को दिशा देने वाले माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए दिल्ली पूरी उत्साह और गर्व के साथ तैयार है।"