होली से पहले डीयू प्रशासन की सुरक्षा बैठक, ‘वामिका’ से होगी निगरानी

Click to start listening
होली से पहले डीयू प्रशासन की सुरक्षा बैठक, ‘वामिका’ से होगी निगरानी

सारांश

दिल्ली विश्वविद्यालय ने होली के अवसर पर कैंपस में सुरक्षा बहाल करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने लड़कियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं। जानिए इस संबंध में प्रशासन की योजना और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में।

Key Takeaways

डीयू ने होली पर सुरक्षा बहाल करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। लड़कियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। ‘वामिका’ विशेष वाहन से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।

नई दिल्ली, 24 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली विश्वविद्यालय ने हाल ही में कैंपस में सभी प्रकार के विरोध, प्रदर्शन और रैलियों पर एक महीने के लिए रोक लगाने का निर्णय लिया है। यह कदम शांति और सुरक्षा बनाए रखने हेतु उठाया गया है। होली के दौरान माहौल बिगड़ने से बचने और विशेषकर लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजामों का निर्णय लिया है।

4 मार्च को होली का त्योहार है, लेकिन उससे पहले ही दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेषकर लड़कियों के साथ बदतमीजी या जबरदस्ती करने वालों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाएगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विकास गुप्ता द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी में कहा गया कि होली से पहले पूरा हफ्ता कैंपस में होली का माहौल रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रॉक्टोरियल बोर्ड की एक ऑनलाइन बैठक हुई।

इस बैठक में डीयू के विभिन्न कॉलेजों के प्रिंसिपल, डीन, हॉस्टल के प्रोवोस्ट और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। सभी ने मिलकर एक योजना बनाई कि किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी अनुशासनहीनता या महिला छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में कड़ा एक्शन लिया जाएगा। बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एक संयुक्त रणनीति विकसित की गई।

विश्वविद्यालय ने कैंपस, कॉलेजों और छात्रावासों में आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर दिया है। विशेष रूप से महिला छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने यह भी कहा कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अभद्रता या जबरदस्ती करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस में संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जो 4 मार्च तक सक्रिय रहेंगे। ये नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों की संयुक्त मोबाइल गश्त भी परिसर में लगातार जारी रहेगी। पुलिस के ‘वामिका’ नामक विशेष वाहन के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, आपात स्थिति में संपर्क के लिए थाना मौरिस नगर के एसएचओ का मोबाइल नंबर 8750870128 प्रदान किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

अंत में, विश्वविद्यालय ने दोहराया है कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी छात्र-छात्राएं और कर्मचारी एक सुरक्षित वातावरण में उत्सव मना सकें। प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अनुशासन बनाए रखें और किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों को दें। यह छात्रों का सहयोग परिसर में शांति और सुरक्षा में सहायक होगा।

गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय ने 17 फरवरी को एक आदेश जारी कर कैंपस में सभी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन, रैली और सार्वजनिक आयोजन पर एक महीने के लिए रोक लगा दी थी। दरअसल, यह कदम इसलिए उठाना पड़ा था क्योंकि हाल ही में दिल्ली विश्वविद्यालय में हुए प्रदर्शनों में आयोजक भीड़ को संभालने में विफल रहे थे, जिससे कैंपस की कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई थी।

Point of View

NationPress
30/04/2026

Frequently Asked Questions

डीयू में होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कैसे होगी?
डीयू प्रशासन ने ‘वामिका’ नामक विशेष वाहन और नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
क्या प्रशासन ने किसी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त एक्शन लेने की घोषणा की है?
हाँ, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की बदतमीजी या अनुशासनहीनता पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Nation Press