इटावा में पुलिस ने लूट के आरोपी को पकड़ा, जब्त की गई चोरी की स्विफ्ट कार
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, १६ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लूट की एक बड़ी घटना का खुलासा किया है। बकेवर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भोपाल से लूटी गई स्विफ्ट कार, एक चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। हालांकि, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर, पुलिस ने १५ अप्रैल की रात पूर्वी तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोका और एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने अपने साथी सौरभ तोमर के साथ मिलकर भोपाल रेलवे स्टेशन से कार बुक की थी। रास्ते में दोनों ने बाथरूम का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और चालक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वे कार लेकर भाग निकले। सीहोर जिले के दोराहा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास चालक घायल हालत में गाड़ी से कूदकर जान बचाने में सफल हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य रावत निवासी ग्वालियर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र २४ वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से एक चाकू, मोबाइल फोन और लूटी गई स्विफ्ट कार बरामद की गई है। इस मामले में थाना बकेवर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मामले को लेकर एएसपी ग्रामीण, इटावा, श्रीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य रावत के रूप में हुई है, जो बुधवार की रात अपने एक अन्य साथी के साथ स्विफ्ट कार से जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की चेकिंग के समय उसने कार को आगे बढ़ा दिया। ऐसे में पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाएगी।