गर्मियों में ताजगी के लिए ‘क्लाउड कॉफी’! घर पर बनाएं हेल्दी और स्वादिष्ट ड्रिंक
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। गर्मियों में एक ठंडा और ताजगी भरा पेय ढूंढना हर किसी की चाहत होती है। यदि आप कॉफी के प्रेमी हैं और कुछ सहतमंद और नया अनुभव करना चाहते हैं, तो ट्रेंडिंग ‘क्लाउड कॉफी’ आपके लिए बेहतरीन विकल्प है।
क्लाउड कॉफी में सामान्य पानी के स्थान पर नारियल पानी का उपयोग किया जाता है, जो इसे न केवल स्वादिष्ट बनाता है बल्कि सेहत के लिए भी लाभकारी होता है। यह कॉफी देखने में जितनी आकर्षक है, उतनी ही स्वादिष्ट और ऊर्जा प्रदान करने वाली भी है। इसका नाम इसलिए पड़ा क्योंकि इसमें कॉफी का झागदार फोम बादलों की तरह तैरता है। इंटरनेट पर इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। खास बात यह है कि इसमें नारियल पानी मिलाना इसे और भी खास बनाता है।
यह कॉफी न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि हेल्दी भी है। नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट करने वाला एक बेहतरीन प्राकृतिक पेय है। इसमें भरपूर इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो गर्मी के दौरान पसीने के कारण निकलने वाले खनिजों की भरपाई करते हैं। कॉफी के साथ नारियल पानी मिलाने से यह ड्रिंक और अधिक हाइड्रेटिंग बन जाती है, जिससे कैफीन और ताजगी दोनों मिलती हैं।
क्लाउड कॉफी शरीर को ऊर्जा और हाइड्रेशन दोनों प्रदान करती है। नारियल पानी एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, तनाव को कम करने और मन को प्रसन्न रखने में मदद करता है। यह गर्मियों में ठंडक और ऊर्जा का बेहतरीन संयोजन है।
इस हेल्दी और टेस्टी ड्रिंक को आप घर पर आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए आपको चाहिए: इंस्टेंट कॉफी पाउडर, चीनी, नारियल पानी, ठंडा दूध (या प्लांट-बेस्ड दूध), बर्फ के टुकड़े और कोको पाउडर। एक कटोरे में 2 चम्मच इंस्टेंट कॉफी, 2 चम्मच चीनी और 2-3 चम्मच नारियल पानी डालें। इसे चम्मच या हैंड मिक्सर से तब तक अच्छी तरह फेंटें जब तक झागदार और गाढ़ा फोम न बन जाए। फिर एक गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें और उसके बाद ठंडा दूध या नारियल पानी डालें।
तैयार किया गया कॉफी फोम धीरे-धीरे चम्मच से डालें। सजावट के लिए कॉफी के ऊपर कोको पाउडर, बादाम के टुकड़े, चेरी या टूटी फ्रूटी डाल सकते हैं।
यह ड्रिंक न केवल देखने में सुंदर है बल्कि स्वाद में भी लाजवाब है। गर्मियों में परिवार और मेहमानों को सर्व करके आप उन्हें ताजगी और ऊर्जा से भरपूर अनुभव करा सकते हैं।