हनुमान बेनीवाल का भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- चोर-चोर मौसेरे भाई

Click to start listening
हनुमान बेनीवाल का भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- चोर-चोर मौसेरे भाई

सारांश

हनुमान बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि दोनों में चोर-चोर मौसेरे भाई जैसी स्थिति है। उन्होंने राजस्थान में बढ़ते अपराध और अवैध खनन पर नाराजगी व्यक्त की और पार्टी के आंदोलन की जानकारी दी।

Key Takeaways

  • हनुमान बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।
  • राजस्थान में अपराध और अवैध खनन की स्थिति चिंताजनक है।
  • आरएलपी का आंदोलन विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय है।

भरतपुर, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यहाँ चोर-चोर मौसेरे भाई की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस का शासन था, तब भाजपा हर मुद्दे को जोर-शोर से उठाती थी, लेकिन अब जब से ढाई साल से भाजपा सत्ता में है, मुख्यमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं।

हनुमान बेनीवाल ने बताया कि राजस्थान की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है। भरतपुर और अलवर जैसे जिले अपराध के मामले में पहले स्थान पर हैं। यहाँ गुंडागर्दी और खुलेआम गैंगवार की घटनाएँ घट रही हैं। इसके अलावा, अवैध खनन भी तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि सत्ता में बैठे लोग या तो इसे रोकने में असमर्थ हैं या जानबूझकर चुप हैं।"

उन्होंने बताया कि अवैध खनन का सबसे अधिक प्रभाव भरतपुर और अलवर में देखने को मिल रहा है। अरावली पर्वतमाला में खुदाई की जा रही है और कई भाजपा पदाधिकारियों का इसमें सीधा हाथ है। अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

उदाहरण देते हुए बेनीवाल ने कहा कि पिछली सरकार में पेपर लीक जैसी घटनाएँ हुई थीं और आरपीएससी पुनर्गठन के मुद्दे भी लम्बित थे। कांग्रेस के शासन में घोटाले हुए, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद भी ढाई साल में किसी बड़े मामले में कार्रवाई नहीं की गई। बेनीवाल ने कहा, "चोर-चोर मौसेरे भाई…यही स्थिति है।"

उन्होंने आगे कहा कि आरएलपी सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन कर रही है। चाहे किसान कर्ज माफी, टोल मुक्त राजस्थान, मुफ्त बिजली, रोजगार, बढ़ते अपराध या गैंग वार जैसी घटनाएँ हों, पार्टी हर मोर्चे पर लड़ाई जारी रखेगी। बेनीवाल ने स्पष्ट किया कि वे राजस्थान के लोगों के हक के लिए दिल्ली में भी मुद्दों को उठाते रहेंगे।

भरतपुर और धौलपुर के जाटों के लिए आरक्षण की मांग भी उठाई जा रही है। बेनीवाल ने कहा कि केवल जाट ही नहीं, बल्कि आर्थिक आधार पर ब्राह्मण, राजपूत और अन्य जातियों के लिए भी आरक्षण का समर्थन किया जाएगा। एससी, एसटी, ओबीसी के बैकलॉग और रुकी हुई छात्रवृत्तियों को लेकर भी आरएलपी सक्रिय है।

बेनीवाल ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में लगातार बयान बदलने और कमजोर फैसले लेने की प्रवृत्ति देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एसआई भर्ती जैसे मामलों में भी सरकार समय पर कार्रवाई नहीं करती। आरएलपी ने इस भर्ती के मुद्दे पर लंबे समय तक आंदोलन किया और हाईकोर्ट ने भर्तियों को रद्द किया, लेकिन भाजपा नेताओं ने इसका क्रेडिट लेने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में अपराध और अवैध खनन की घटनाओं को लेकर पार्टी बड़े आंदोलन की योजना बना रही है। आने वाले दिनों में दिल्ली में एक बड़ी रैली भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि उनका उद्देश्य किसी जाति के खिलाफ नहीं है, बल्कि राजस्थान के लोगों का हक सुरक्षित करना और राज्य में समानता, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करना है। अग्निवीर और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी पार्टी सक्रिय है।

Point of View

NationPress
13/04/2026

Frequently Asked Questions

हनुमान बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर क्या आरोप लगाए?
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि दोनों दलों में चोर-चोर मौसेरे भाई जैसी स्थिति है और दोनों ही अपराध और अवैध खनन पर चुप हैं।
राजस्थान में अपराध की स्थिति क्या है?
राजस्थान में भरतपुर और अलवर जैसे जिले अपराध के मामले में पहले स्थान पर हैं, जहाँ गुंडागर्दी और गैंगवार जैसी घटनाएँ हो रही हैं।
आरएलपी के आंदोलन के मुख्य मुद्दे क्या हैं?
आरएलपी किसानों की कर्ज माफी, टोल मुक्त राजस्थान, मुफ्त बिजली, और बढ़ते अपराध के मुद्दों पर आंदोलन कर रही है।
Nation Press