काजोल और अजय देवगन ने नीसा के जन्मदिन पर बांटा प्यार, साझा की अनदेखी तस्वीरें
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री काजोल और अभिनेता अजय देवगन अपनी प्यारी बेटी नीसा देवगन के लिए प्यार जताने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। आज उनके जन्मदिन के अवसर पर, दोनों ने दिल से अपने प्यार का इजहार किया।
काजोल और अजय ने नीसा को विशेष तरीके से जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
अजय देवगन ने नीसा की एक अनदेखी बचपन की तस्वीर साझा की है, जिसमें वह किसी जन्मदिन की पार्टी में मुस्कुरा रही हैं, और दूसरी तस्वीर में वह अपनी मां काजोल के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीरों को देखकर कहा जा सकता है कि नीसा के चेहरे के फीचर्स अपनी मां काजोल के जैसे हैं। नीसा सच में अपनी मां की कार्बन कॉपी लग रही हैं।
अजय ने इस प्यारी तस्वीर के साथ एक सुंदर कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने कहा, "तुम्हारी यह मुस्कान मुझे हमेशा याद रहती है। जब भी मैं तुम्हें देखता हूं, तुम्हारा यही रूप मेरे दिल में बसा रहता है। तुम हमेशा इसी खुशी से मुस्कुराती रहो। जन्मदिन मुबारक हो मेरी प्यारी बच्ची।"
काजोल ने भी नीसा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए दुर्गा पंडाल की तस्वीरें साझा की हैं। फोटो में काजोल ने नीसा को अपनी बाहों में ले रखा है और उन पर ढेर सारा प्यार लुटा रही हैं। उन्होंने लिखा, "मैं बहुत भाग्यशाली हूं क्योंकि उसके जन्म से मेरी दुनिया बदल गई। मैं हर दिन भगवान का धन्यवाद करती हूं, मेरी प्यारी बच्ची, तुम परिपूर्ण हो और हमेशा मेरी रहोगी। तुम्हें और मुझे जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
इस पोस्ट में काजोल ने नीसा के साथ खुद को भी जन्मदिन की बधाई दी है, क्योंकि बच्चे के जन्म के साथ मां का भी नया जन्म माना जाता है।
गौरतलब है कि नीसा देवगन सोशल मीडिया पर चर्चित स्टारकिड हैं। उन्हें उनके लुक और रंग को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था, जिसके चलते काजोल ने एक इंटरव्यू में अपनी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि वह नीसा को ट्रोलिंग को नजरअंदाज करने की सलाह देती हैं, लेकिन जो कुछ भी नीसा के बारे में सोशल मीडिया पर कहा जाता है, वह दुखदायी होता है। हालाँकि, अब नीसा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी के साथ रील पोस्ट करके छाई हुई हैं।