क्या 'आप' ने जो गड्ढे किए, उन्हें भरने में समय लगेगा? : कुलजीत सिंह चहल
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, ४ जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली में प्रदूषण और यमुना की सफाई को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार पर लगातार नाटक करने का आरोप लगाया है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने रविवार को एक्स पर दो तस्वीरें साझा की और सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के सभी नाटकों के बाद असली चित्र यही है - अच्छी हवा और साफ यमुना।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सौरभ भारद्वाज के एक्स पोस्ट पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जिस तरह की राजनीति करती है, यही कारण है कि वे सत्ता से बाहर हैं। उनके कार्यकाल में किए गए गड्ढों को भरने में समय लगता है। दिल्ली की भाजपा सरकार ने यमुना की सफाई पर कार्य किया है। दिल्ली सरकार एक टीम के रूप में युद्ध स्तर पर काम कर रही है। आम आदमी पार्टी सहयोग नहीं कर सकती, क्योंकि भ्रष्टाचार में डूबी 'आप' के नेताओं को बताना चाहिए कि उनके समय में यमुना और दिल्ली के प्रदूषण की स्थिति क्या थी, और आज क्या है।
'एक पेड़ मां के नाम' पहल पर उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह एक नई पहल शुरू की गई है, जो अब आंदोलन बन गई है। एनडीएमसी और निवासियों ने हर रविवार किसी भी सोसाइटी या पार्क में 'एक पेड़ मां के नाम' पर पौधारोपण करने की शपथ ली है, जैसा कि आज लोधी गार्डन में किया गया। यहां लोगों ने अपनी मां के नाम पर पौधा लगाया। कई ने परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर भी पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। हमें गर्व है कि एनडीएमसी ग्रीन एरिया बढ़ा रही है। बच्चे भी इस मुहिम से जुड़ रहे हैं।
'एक पेड़ मां के नाम' मुहिम से जुड़े वीपीएस छाबड़ा ने कहा कि हम लोग सुबह सैर पर आते हैं। आज इस अभियान में हिस्सा लिया। पौधा लगाकर हम अपनी मां से भावनात्मक रूप से जुड़े हैं। हमारा मन इससे जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि सभी को प्रदूषण के मुद्दे पर एक साथ आकर काम करना होगा।