ब्रेस्ट फीड वीक: मां का दूध बढ़ाने के लिए कौन सी चीजें उपयोगी हैं?

शेयर करें:
ऑडियो वॉइस लोड हो रही है…
ब्रेस्ट फीड वीक: मां का दूध बढ़ाने के लिए कौन सी चीजें उपयोगी हैं?

सारांश

हर साल अगस्त का पहला सप्ताह 'विश्व स्तनपान सप्ताह' के रूप में मनाया जाता है। इस लेख में जानें कि नई माताओं के लिए कौन से खाद्य पदार्थ ब्रेस्ट मिल्क उत्पादन में मददगार हैं। यह जानकारी माताओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने बच्चों के पोषण के प्रति जागरूक करने में सहायक होगी।

मुख्य बातें

मेथी दाना ब्रेस्ट मिल्क उत्पादन को बढ़ाता है।
ड्राई फ्रूट्स हार्मोनल संतुलन में सहायक हैं।
हरी पत्तेदार सब्जियां पौष्टिक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं।
सौंफ के बीज पाचन में मदद करते हैं।
अलसी के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होते हैं।

नई दिल्ली, 2 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। हर साल अगस्त के पहले सप्ताह को ‘विश्व स्तनपान सप्ताह’ के रूप में मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य नई माताओं और समाज को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना है। नवजात शिशु के पहले छह महीनों तक केवल मां का दूध ही उसका संपूर्ण पोषण प्रदान करता है, जो उसे बीमारियों से बचाने के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहायक होता है। हालांकि, आज की तेज रफ्तार जिंदगी और बदलती जीवनशैली, विशेषकर कामकाजी महिलाओं के लिए स्तनपान को बनाए रखना एक चुनौती बनता जा रहा है। कई बार जानकारी के अभाव में महिलाएं यह नहीं समझ पातीं कि उनका आहार भी ब्रेस्ट मिल्क प्रोडक्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

आयुर्वेद और विज्ञान में कुछ प्राकृतिक खाद्य पदार्थों का सेवन स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद माना गया है।

आयुर्वेदिक सुझावों में मेथी दाने, सौंफ, शतावरी, हरी पत्तेदार सब्जियाँ, आदि को वरदान माना गया है, जिनका सेवन करने से नई माताओं का ब्रेस्ट मिल्क अच्छी तरह से बनता है।

पहले बात करते हैं मेथी दाने की। भारत सरकार के भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) की वेबसाइट के अनुसार, मेथी में हाइपोकॉलेस्टेरोलेमिक, एंटीबैक्टीरियल, एंटी-डायबिटिक, हेपेटोप्रोटेक्टिव और एंटी-कैंसर गुण पाए जाते हैं। यह स्तनपान, हार्मोन संतुलन, पाचन, प्रतिरक्षा और प्रजनन स्वास्थ्य को सहारा देती है। मेथी में उपस्थित फाइटोएस्ट्रोजन हार्मोन को संतुलित करता है जिससे ब्रेस्ट मिल्क उत्पादन में मदद मिलती है। इसे रातभर भिगोकर सुबह गुनगुने पानी के साथ सेवन किया जा सकता है या चाय में मिलाकर भी लिया जा सकता है।

मिनिस्ट्री ऑफ नट्स के अनुसार, ‘ड्राई फ्रूट्स’, जैसे अखरोट, बादाम, काजू और पिस्ता, न केवल ऊर्जा बढ़ाते हैं बल्कि यह हेल्दी फैट्स के स्रोत भी हैं जो हार्मोनल संतुलन बनाकर दूध निर्माण को बढ़ावा देते हैं। इन्हें स्नैक्स के रूप में दिन में एक या दो बार लिया जा सकता है।

हरी पत्तेदार सब्जियों में ‘पालक’, ‘मेथी’, ‘सरसों का साग’, ‘लौकी’, और ‘तोरी’ जैसी सब्जियाँ विशेष रूप से फायदेमंद होती हैं। इनमें आयरन, कैल्शियम, फाइबर, और आवश्यक विटामिन्स होते हैं जो स्तनपान कराने वाली महिलाओं के पोषण के लिए आवश्यक हैं। विशेषकर, लौकी की सब्जी और दालें दूध की गुणवत्ता और मात्रा दोनों में सुधार लाती हैं।

‘सौंफ के बीज’ को आयुर्वेद और विज्ञान में पाचन और हार्मोनल बैलेंस के लिए जाना जाता है। इसका पानी या चाय बनाने पर यह स्तन दूध को बढ़ाने में सहायक होता है।

इसी तरह ‘जीरा’, जो हर भारतीय रसोई का हिस्सा है, प्रसव के बाद की थकान को कम करता है और दूध उत्पादन को बढ़ाता है। जीरे का पानी दिन में दो बार पीना लाभकारी रहता है।

आयुर्वेदिक औषधियों में ‘शतावरी’ को महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य में अहम माना गया है। यह दूध बनने की प्रक्रिया को तेज करती है। इसे पाउडर या गोली के रूप में आयुर्वेदिक चिकित्सक की सलाह अनुसार लिया जा सकता है।

‘तिल’ में कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व होते हैं जो हार्मोनल बैलेंस को बनाए रखते हैं। तिल से बने लड्डू या सब्जियों में इनका तड़का लगाकर सेवन लाभदायक होता है।

‘अलसी के बीज’, जो ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होते हैं, मां के स्वास्थ्य के साथ-साथ ब्रेस्ट मिल्क की मात्रा में भी वृद्धि करते हैं। इन्हें सूखा भूनकर माउथ फ्रेशनर की तरह लिया जा सकता है।

संपादकीय दृष्टिकोण

यह आवश्यक है कि हम नई माताओं को स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक करें। सही आहार और जीवनशैली न केवल माताओं के लिए बल्कि उनके बच्चों के लिए भी फायदेमंद होती है।
RashtraPress
13 मई 2026

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

स्तनपान क्यों महत्वपूर्ण है?
स्तनपान नवजात शिशु के लिए संपूर्ण पोषण प्रदान करता है और बीमारियों से बचाने में मदद करता है।
क्या आहार का स्तनपान पर असर पड़ता है?
हाँ, मां का आहार ब्रेस्ट मिल्क उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
क्या मेथी दाना ब्रेस्ट मिल्क बढ़ाने में मदद करता है?
जी हाँ, मेथी दाना ब्रेस्ट मिल्क उत्पादन में सहायक है।
क्या हरी पत्तेदार सब्जियां फायदेमंद हैं?
बिल्कुल, हरी पत्तेदार सब्जियां आयरन, कैल्शियम और आवश्यक विटामिन्स का अच्छा स्रोत हैं।
सौंफ के बीज का सेवन कैसे करना चाहिए?
सौंफ के बीज का पानी या चाय बनाकर सेवन करना लाभकारी होता है।
राष्ट्र प्रेस