क्या अक्षय कुमार ने नृत्यांगना और अभिनेत्री मधुमती के निधन पर भावुक श्रद्धांजलि दी?
सारांश
मुख्य बातें
दिल्ली, 15 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड की प्रसिद्ध नृत्यांगना और अभिनेत्री मधुमती का निधन 87 वर्ष की आयु में हो गया है।
इस अदाकारा को उनके अद्भुत डांस के लिए जाना जाता था और उनकी तुलना मशहूर डांसर हेलेन से की जाती थी। खबर के सामने आते ही कई बॉलीवुड सितारों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। अक्षय कुमार, चंकी पांडे और विंदू दारा सिंह ने सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलि दी है।
अक्षय कुमार ने एक स्टोरी शेयर की है जिसमें वे मधुमती के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'मेरी पहली गुरु, जिनसे मैंने डांस के बारे में सब कुछ सीखा। आपके कदमों को देखकर मैंने डांस सीखा, आपकी हर अदा और हर एक्सप्रेशन में आपकी याद हमेशा रहेगी।'
वहीं, विंदू दारा सिंह ने मधुमती की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'हमारी शिक्षिका और मार्गदर्शक मधुमती जी की आत्मा को शांति मिले। हममें से कई लोगों ने इस महान हस्ती से नृत्य सीखा और उनके प्यार और आशीर्वाद से भरपूर एक सुंदर जीवन जिया।'
चंकी पांडे ने भी मधुमती की फोटो साझा कर दुख प्रकट किया है। एक्टर ने भी उनसे डांस सीखा था।
जानकारी के अनुसार, मधुमती का जन्म महाराष्ट्र के एक गांव में 1938 में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मराठी फिल्म में एक डांसर के रूप में की थी, लेकिन वे केवल मराठी सिनेमा तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि भोजपुरी, पंजाबी, दक्षिण भारतीय और हिंदी सिनेमा में भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। उनके डांस को इतना पसंद किया गया कि उनकी तुलना हेलेन से होने लगी।
नृत्यांगना मधुमती ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म 'राजा हरिश्चंद्र' से की थी। उन्होंने अपने पति के साथ अजंता आर्ट्स मंडली के साथ भी कई वर्षों तक काम किया, जो भारतीय सेना के लिए शो करती थी।
व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो मधुमती ने 19 वर्ष की आयु में शादी की थी और 1977 में डांस छोड़ दिया, लेकिन पति की मृत्यु के बाद उन्होंने मुंबई में मधुमती नृत्य अकादमी खोली और वहां डांस में खुद को समर्पित कर दिया।