4 मई को ममता बनर्जी का बंगाल से जाना तय, टीएमसी गुंडों को जनता दिखाएगी बाहर का रास्ता: शाहनवाज हुसैन
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के बयान का जवाब देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल से 4 मई को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विदाई निश्चित है और बंगाल की जनता टीएमसी के गुंडों को बाहर का रास्ता दिखाने के लिए तैयार है।
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को चुनाव में हार का डर सता रहा है। एक कहावत है, 'सावन के अंधे को सब कुछ हरा ही हरा नजर आता है।' जो खुद गुंडागर्दी करते हैं, उन्हें हर जगह गुंडे ही नजर आते हैं। लेकिन इस बार टीएमसी के गुंडों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा और पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि अब बिहार में भाजपा और एनडीए की सरकार बन गई है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से बिहार के लोग बहुत खुश हैं। नीतीश कुमार द्वारा किए गए कामों को कभी नहीं भुलाया जा सकता। बिहार आज पानी, बिजली, सड़कों और खेती-बाड़ी के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि अब बिहार को उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना है। बड़ी संख्या में फैक्टरियां लगनी चाहिए और निवेश आना चाहिए। बिहार की जनता की यही इच्छा है। सम्राट चौधरी ने भी यही बात कही है। हम मिलकर एक विकसित बिहार बनाएंगे। सम्राट का स्पष्ट कहना है कि बिहार में अब कोई गुंडागर्दी नहीं चलेगी।
राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर हुसैन ने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। वे ईर्ष्या और जलन में ऐसे बयान दे रहे हैं। वे लालू यादव के बेटे हैं और मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे थे, जो पूरा नहीं हो सका, इसलिए उन्हें सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने का बहुत दुख है।
शाहनवाज हुसैन ने महिला आरक्षण बिल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति, पूजा और कानून का राज अब सही मायने में स्थापित होगा। महिला आरक्षण के तहत देश की आधी आबादी को न्याय मिलेगा। पूरे देश में खुशी की लहर है। हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए सीटें बढ़ेंगी और 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ संसद व विधानसभाओं में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस बीच, केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव होने वाला है, तो टीएमसी को पता चलेगा कि कौन गुंडा है? कौन घुसपैठियों को बसाने में मदद कर रहा है? उन्होंने यह भी पूछा कि वोट के लिए टीएमसी के लोग कितना गिरेंगे।
तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम बोलना है, उन्हें बोलने दीजिए। भाजपा के हमारे नेता सम्राट चौधरी ने कमान अपने हाथों में ले ली है।