क्या रुपया लेकर पट्टा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी? : मुख्यमंत्री योगी
सारांश
Key Takeaways
- मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात की।
- भूमि पट्टा आवंटन में अनियमितताओं पर सख्त निर्देश दिए।
- सरकार ने गरीबों की मदद करने का आश्वासन दिया।
- अधिकारियों को त्वरित निस्तारण का निर्देश।
- समाज कल्याण योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना।
गोरखपुर, 16 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। मकर संक्रांति/खिचड़ी महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के प्रबंधन में व्यस्त रहने के बाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनता दर्शन का आयोजन किया। गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनता दर्शन में भूमि पट्टा आवंटन से संबंधित कुछ शिकायतों पर गंभीर होते हुए, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि जिन गांवों में रुपया लेकर पट्टा आवंटन की शिकायत हो, वहां तुरंत जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 200 लोगों की समस्याओं को सुना।
उन्होंने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास जाकर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना और समझा। सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतोषजनक निस्तारण का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनता दर्शन में एक महिला ने गांव में गरीबों के जमीन पट्टा आवंटन में अनियमितता की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जहां भी रुपया लेकर जमीन पट्टा दिया गया हो, वहां संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपराध से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन के अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया कि हर पात्र व्यक्ति को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
इसी क्रम में एक महिला ने आर्थिक तंगी के कारण बिटिया की शादी की चिंता व्यक्त की। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि बिटिया का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में कराने की व्यवस्था करें। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से प्राप्त कराए। एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी।