क्या मुंगेर में जन सुराज के प्रत्याशी का भाजपा में शामिल होना बड़ा उलटफेर है?
सारांश
मुख्य बातें
मुंगेर, 5 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को होना है। इससे ठीक एक दिन पहले मुंगेर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी संजय सिंह ने अचानक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।
संजय सिंह ने बुधवार को भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के नेताओं ने उनका जोश के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण पोद्दार, जिला प्रभारी विकास सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी राजेश झा क्षत्रिय, प्रीति सिंह सहित एनडीए के कई प्रमुख नेता मौजूद थे।
भाजपा में शामिल होने के बाद संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार और देश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि जन सुराज की सोच अच्छी थी, लेकिन जनता भाजपा के विकास मॉडल पर अधिक विश्वास करती है।
संजय ने कहा कि वे अब भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय के साथ मिलकर उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे और मिलकर मुंगेर का विकास करेंगे। इस कदम से मुंगेर में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यहां मुकाबला त्रिकोणात्मक था, लेकिन जन सुराज के प्रत्याशी के भाजपा में शामिल होने के बाद एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधी लड़ाई होने की संभावना है।
इससे पहले अक्टूबर में जन सुराज के तीन उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया था। ये उम्मीदवार दानापुर, ब्रह्मपुर और गोपालगंज क्षेत्र से थे। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। हालांकि कई क्षेत्रों में जन सुराज और एआईएमआईएम के प्रत्याशी भी अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया है। गुरुवार को मतदान होना है।