पंचकूला में 'समता रन' मैराथन: सीएम सैनी ने अंबेडकर जयंती पर दिया महत्वपूर्ण संदेश
सारांश
मुख्य बातें
पंचकूला, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर हरियाणा के पंचकूला में 'समता रन' मैराथन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कई मंत्री और विधायक भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण हथियार मानते थे। उन्होंने हमें यह संदेश दिया कि 'शिक्षित बनो, संगठित बनो और संघर्ष करो।' हमें इन शब्दों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
सीएम सैनी ने कहा कि शिक्षा, जागरुकता, और एकता के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और परिवर्तन लाया जा सकता है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी और कहा, "यह दौड़ केवल आपके पैरों की गति नहीं, बल्कि आपके विचारों की शक्ति को भी प्रदर्शित करेगी।"
मुख्यमंत्री सैनी ने आगे कहा, "मैं एक बार फिर बाबासाहेब को नमन करता हूं। सभी से अपील करता हूं कि उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ते रहें। हम सभी मिलकर एक ऐसा भारत बनाएं, जो समता, न्याय, और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित हो।"
इससे पहले, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी और लिखा, "भारतीय संविधान निर्माता एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। बाबासाहेब की ओर से स्थापित सामाजिक न्याय और समानता की नींव आज भी राष्ट्र को एकजुट और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हमारा मार्गदर्शन कर रही है।"