पंजाब एंड सिंध बैंक में 1000 एलबीओ पदों के लिए आवेदन करने का अंतिम अवसर
सारांश
मुख्य बातें
चंडीगढ़, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब एंड सिंध बैंक ने 1000 एलबीओ पद के लिए एक विशाल भर्ती प्रक्रिया की घोषणा की है। इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 और अधिकतम आयु 30 वर्ष रखी गई है।
बैंकिंग क्षेत्र में एक सफल करियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। पंजाब एंड सिंध बैंक (पीएसबी) ने राज्यवार जेएमजीएस (जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I) में लोकल बैंक ऑफिसर (एलबीओ) के लिए कुल 1,000 पदों की अधिसूचना जारी की है।
पीएसबी द्वारा इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 मार्च से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल है। योग्य और इच्छुक अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरना होगा।
आवेदन फॉर्म भरने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित पद के अनुसार ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, उन्हें अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में अधिकारी के रूप में न्यूनतम 18 महीने का अनुभव भी होना चाहिए।
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 मार्च के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, स्क्रीनिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार, स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षण, अंतिम मेरिट सूची और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 48,480 से 85,920 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस के लिए शुल्क 850 रुपये और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले पंजाब एंड सिंध बैंक (पीएसबी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर संबंधित पद के लिए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन करें। सभी आवश्यक जानकारी भरें और दस्तावेज़ अपलोड करें। अंत में आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंट निकालना न भूलें।