रांची में छात्रा के साथ दुष्कर्म: मुख्य आरोपी समेत तीन को पुलिस ने दबोचा
सारांश
मुख्य बातें
रांची, १५ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एमडीएस (मास्टर इन डेंटल सर्जरी) की एक छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. दानिश और उसके साथी मो. फहद मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने इन्हें पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से उस समय पकड़ा, जब वे भागने की योजना बना रहे थे। इसके साथ ही, घटना के षड्यंत्र में शामिल छात्रा की सहेली को भी रांची से हिरासत में लिया गया है।
रांची के सीनियर एसपी के निर्देश पर बने एसआईटी ने तकनीकी सेल की सहायता से आरोपियों का पीछा किया और त्वरित कार्रवाई में उन्हें पकड़ लिया। इस टीम का नेतृत्व कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुआर कर रही थीं।
पीड़िता के बयान के अनुसार, यह घटना ९ अप्रैल को रांची के हरमू स्थित गोकुल वाटिका अपार्टमेंट में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान हुई। छात्रा को उसकी सहेली ने यह कहकर बुलाया था कि पार्टी में अन्य लड़कियाँ भी होंगी।
आरोप है कि पार्टी में दिए गए केक और पिज्जा में नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिसके सेवन के बाद छात्रा बेहोशी की अवस्था में चली गई। मुख्य आरोपी मो. दानिश ने इसी का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के अगले दिन, जब छात्रा की हालत बिगड़ी और रक्तस्राव शुरू हुआ, तो उसे रांची के आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर लालपुर पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दानिश हिंदपीढ़ी और फहद लोअर बाजार क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस इस मामले में चौथे आरोपी शादाब की तलाश में छापेमारी कर रही है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी और मामले में त्वरित सुनवाई के माध्यम से दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।