'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाए, 750 करोड़ का आंकड़ा सिर्फ 4 दिन में पार किया
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 23 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। रणवीर सिंह और संजय दत्त की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी है। इस फिल्म के किरदार दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे हैं, साथ ही वाणिज्यिक दृष्टि से भी इसने बॉक्स ऑफिस को हिला कर रख दिया है।
फिल्म ने चार दिनों में 750 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो कि 'जवान', 'पठान', और 'बाहुबली' जैसी बड़ी फिल्मों के कलेक्शन से कहीं अधिक है।
कलेक्शन की जानकारी आदित्य धर की कंपनी बी62 स्टूडियो द्वारा साझा की गई है। पहले दिन प्रेड-प्रीव्यू के साथ फिल्म ने 145 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि दूसरे दिन 83 करोड़, तीसरे दिन 117 करोड़ और चौथे दिन 121 करोड़ का कलेक्शन किया। कुल मिलाकर, फिल्म ने भारत में 466 करोड़ का कलेक्शन किया है। अगर विदेशी कलेक्शन की बात करें, तो इसने विदेशों में भी 211 करोड़ की कमाई की है।
इस प्रकार, चार दिनों में फिल्म की कुल कमाई 761 करोड़ हो गई है। इसने बाहुबली के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर कुल 650 करोड़ की कमाई की थी। सैकनिल्क के अनुसार, 'धुरंधर: द रिवेंज' ने केवल 4 दिनों में ही बाहुबली के आंकड़ों को ध्वस्त कर दिया।
अगर फिल्म की रफ्तार इसी तरह जारी रही, तो यह जल्द ही अल्लू-अर्जुन की 'पुष्पा' का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
गौरतलब है कि फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी और इसके पहले 18 मार्च को इसका पेड-प्रीव्यू रखा गया था। फिल्म की लंबी अवधि के बावजूद दर्शक इसे भरपूर प्यार दे रहे हैं। रणवीर सिंह की अदाकारी की काफी सराहना हो रही है, खासकर फिल्म के पहले भाग की तुलना में दूसरे भाग में उनके किरदार का जादू देखने को मिल रहा है।