'धुरंधर-2' ने तोड़े 'पठान' और 'कल्कि 2898 एडी' के रिकॉर्ड, 1000 करोड़ की कमाई
सारांश
Key Takeaways
- 'धुरंधर-2' ने बॉक्स ऑफिस पर एक हफ्ते में 1000 करोड़ रुपये की कमाई की।
- फिल्म ने 'पठान' और 'कल्कि 2898 एडी' के रिकॉर्ड को तोड़ा।
- फिल्म का बजट 250-300 करोड़ रुपये है।
- फिल्म ने एक हफ्ते में ही अपने बजट से दोगुनी कमाई कर ली है।
- 10 अप्रैल को 'भूत-बंगला' रिलीज हो रही है।
मुंबई, 27 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। रणवीर सिंह की नई फिल्म 'धुरंधर-2' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है क्योंकि हर गुजरते दिन के साथ इस फिल्म की कमाई का स्तर ऊँचा उठता जा रहा है।
आज इस फिल्म को रिलीज हुए एक सप्ताह पूरा हो चुका है और यह 1000 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है, साथ ही इसने 'पठान' और 'कल्कि 2898 एडी' के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। यदि फिल्म की यह गति बनी रही, तो 'दंगल', 'बाहुबली-2', और 'पुष्पा' के रिकॉर्ड भी जल्द ही टूट सकते हैं।
आदित्य धर के बी62 स्टूडियो ने फिल्म के आधिकारिक आंकड़े प्रस्तुत किए हैं। बी62 स्टूडियो के अनुसार, फिल्म ने विश्व स्तर पर कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1088 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत में सभी भाषाओं में इसने 814 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि ओवरसीज आंकड़े 274 करोड़ रुपये हैं। भारत में कुल नेट कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने एक सप्ताह में 690 करोड़ कमाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट 250-300 करोड़ रुपये है। फिल्म ने एक सप्ताह में ही अपने बजट से दोगुनी कमाई कर ली है।
हालाँकि, 'धुरंधर-2' अभी 'दंगल' और 'बाहुबली-2' के आंकड़े तक पहुँचने में काफी पीछे है। 'दंगल' ने 2070 करोड़ रुपये का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था, जबकि भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 388 करोड़ रहा। 'धुरंधर-2' अब नेट कलेक्शन के मामले में इस फिल्म को पीछे छोड़ चुकी है, लेकिन वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए इसे और मेहनत करनी पड़ेगी। वहीं, 'बाहुबली-2' ने 1788 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया और भारत में इसका नेट कलेक्शन 1030 करोड़ रहा।
इस फिल्म ने पहले ही 'पठान' और 'कल्कि 2898 एडी' को पीछे छोड़ दिया है। शाहरुख की 'पठान' ने विश्व स्तर पर 1055 करोड़ का कलेक्शन किया था और भारत में इसने 543 करोड़ कमाए थे, जबकि 'कल्कि 2898 एडी' ने 1042 करोड़ का वैश्विक आंकड़ा छुआ था।
ध्यान दें कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 'धुरंधर-2' की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है, और यही कारण है कि बाकी रिलीज हुई फिल्मों पर इसका असर देखने को मिल सकता है। 10 अप्रैल को अक्षय कुमार की 'भूत-बंगला' रिलीज होने वाली है। देखना होगा कि एक्शन और कॉमेडी के बीच फैंस किसे चुनते हैं।