सूरत एयरपोर्ट: स्मार्ट सुविधाओं का नया बिजनेस-फ्रेंडली हब
सारांश
मुख्य बातें
सूरत, 20 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। गुजरात की स्मार्ट सिटी सूरत का स्मार्ट एयरपोर्ट अब एक अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बिजनेस-फ्रेंडली हब में तब्दील हो चुका है। यहां लैपटॉप वर्कस्टेशंस की सुविधा से बिजनेस ट्रैवलर्स को एक वर्ल्ड-क्लास अनुभव मिल रहा है।
सूरत, जो कि देश और दुनिया में डायमंड और टेक्सटाइल का हब है, यहां बड़ी संख्या में बिजनेस ट्रैवलर्स का आना जाना लगा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार ने सूरत एयरपोर्ट को स्मार्ट और आधुनिक बनाने का प्रयास किया है। यहां विशेष लैपटॉप वर्कस्टेशंस स्थापित किए गए हैं, जहां यात्री अपनी फ्लाइट का इंतजार करते हुए ईमेल, प्रेजेंटेशन और अन्य जरूरी कार्यों को आसानी से पूरा कर सकते हैं।
हाई-स्पीड वाई-फाई और प्राइवेसी वाले इन वर्कस्टेशंस के माध्यम से यात्री अपने समय का सही उपयोग कर पा रहे हैं। डोमेस्टिक और इंटरनेशनल दोनों टर्मिनल पर अलग-अलग वर्कस्टेशन की सुविधा से बिजनेस और कॉर्पोरेट ट्रैवलर्स को एक बेहतरीन अनुभव मिल रहा है।
यात्री वासु ने कहा, "यहां बहुत अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, मेरी फ्लाइट अक्सर लेट रहती है। इस दौरान मैं जल्दी पहुंच जाता हूं और अपना काम कर लेता हूं।" जगमोहन गुप्ता ने कहा, "मैं ऐसी जगहों की तलाश में रहता हूं जहां आराम से बैठकर काम कर सकूं।"
सूरत एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के साथ उनके आराम और मनोरंजन का भी ध्यान रखा गया है। यहां पर 'उड़ान यात्री कैफे' पर किफायती दरों पर खाने-पीने की सुविधा उपलब्ध है और बच्चों के लिए एक खास प्ले-एरिया भी बनाया गया है।
यात्री भूमि ने बताया कि अगर फ्लाइट लेट रहती है और वे बच्चों के साथ यात्रा कर रहे हैं, तो यहां बच्चों के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हैं, बच्चे खेल सकते हैं। अगर फ्लाइट ज्यादा देर तक लेट होती है तो बच्चों के साथ आराम भी कर सकते हैं।
इसके अलावा, 'डिजिटल इंडिया' अभियान के तहत डिजीयात्रा और वाई-फाई के बाद अब पांच नए मोबाइल चार्जिंग स्टेशन भी सूरत एयरपोर्ट पर लगाए गए हैं।
सूरत एयरपोर्ट के डायरेक्टर आनंद शर्मा ने कहा, "हमारी कोशिश रहती है कि फ्लाइट की देरी से किसी भी यात्री का समय बर्बाद न हो। इसके लिए हमने लैपटॉप वर्कस्टेशन बनाए हैं, जहां बिजनेस ट्रैवलर्स अपने जरूरी काम को आराम से कर सकते हैं।"
सूरत एयरपोर्ट पर 'वन एयरपोर्ट वन प्रोडक्ट' पहल के तहत सूरत की प्रसिद्ध जरदोजी सिल्क को भी जगह दी गई है, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है। कुल मिलाकर, स्मार्ट सिटी सूरत का स्मार्ट एयरपोर्ट अब सिर्फ उड़ान भरने का स्थान नहीं रह गया है बल्कि यह आधुनिक सुविधाओं से लैस एक बिजनेस-फ्रेंडली और पैसेंजर-फ्रेंडली ट्रैवल हब बन चुका है।