सैयद पाशा का राहुल गांधी पर आरोप: उन्हें अपने कार्यों पर शर्म आनी चाहिए
सारांश
मुख्य बातें
विजयवाड़ा, 10 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। आंध्र प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सैयद पाशा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि उन्हें अपने कार्यों पर शर्म आनी चाहिए।
उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस को बताया कि देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एआई समिट का आयोजन हुआ था, जिसमें 25 देशों के सम्मानित व्यक्ति शामिल हुए थे। लेकिन, दुख की बात है कि इन गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अशोभनीय तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। इससे भी अधिक दुखद यह है कि राहुल गांधी ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के इस कृत्य की आलोचना करने के बजाय उनकी प्रशंसा की। यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सैयद पाशा ने कहा कि राहुल गांधी को अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के कृत्य के लिए देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए थी, क्योंकि इस कृत्य ने दुनियाभर से आए गणमान्य लोगों के सामने भारत की गरिमा को ठेस पहुंचाई। लेकिन राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के कृत्य के लिए माफी मांगना जरूरी नहीं समझा।
उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि यदि उनके पास हमारी किसी बात पर आपत्ति है, तो खुलकर अपनी बात कहें। हमें आपसे संवाद करने में कोई समस्या नहीं है। लेकिन, कृपया ऐसे कार्य न कराएं, जो सम्मानित व्यक्तियों के बीच हमारी छवि को धूमिल करें।
सैयद पाशा ने कहा कि यह दुखद है कि राहुल गांधी अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के कुकृत्यों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए थी। यह बेहद आवश्यक है कि वे अपने परिवार की पृष्ठभूमि का ख्याल रखें। आज मेरा उनसे यही अनुरोध है कि वे ऐसी हरकतों को बढ़ावा न दें।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, ऐसे में उन्हें अपने व्यवहार को शोभनीय बनाकर रखना चाहिए। लेकिन अफसोस की बात है कि वे ऐसा नहीं कर रहे हैं। इसके विपरीत, वे अपने पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं के कुकृत्यों को बढ़ावा दे रहे हैं। कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए कुछ भी नहीं किया। लेकिन, यदि राहुल गांधी के नकारात्मक कार्यों की सूची बनाई जाए, तो उनका नाम सबसे ऊपर होगा।
उन्होंने कहा कि हम अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से मांग करते हैं कि राहुल गांधी अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के इस कृत्य की माफी मांगें। ऐसे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।