विकास कार्यों पर तेजस्वी यादव की अनदेखी पर विजय सिन्हा की कड़ी प्रतिक्रिया
सारांश
Key Takeaways
- तेजस्वी यादव ने विकास कार्यों पर सवाल उठाए हैं।
- विजय सिन्हा ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।
- कानून-व्यवस्था पर तेजस्वी यादव की अनदेखी पर सवाल उठाए गए।
- शराबबंदी के मुद्दे पर कोई संशोधन नहीं होगा।
- राजनीतिक दुर्भावना की आलोचना की गई।
पटना, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हें वर्तमान समय में राज्य में हो रहे विकास कार्य नहीं दिखाई दे रहे हैं, जबकि आज की तारीख में सूबे में चौतरफा विकास के कार्य चल रहे हैं।
उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार में हो रहे विकास कार्य कैसे दिखाई देंगे? वे या तो दिल्ली जाते हैं या विदेश में रहते हैं। बिहार में हो रहे विकास कार्यों को देखने के लिए उन्हें यहां आकर भ्रमण करना होगा। उन्हें बिहार के हर कस्बे में जाना होगा और लोगों से संवाद स्थापित करना होगा। तभी जाकर उन्हें इस बात का अंदाजा होगा कि सरकार किस तरह से विकास कार्यों को लेकर गंभीर है और प्रदेश में विकास कार्यों की गति कितनी तेज है। लेकिन, दुख की बात है कि तेजस्वी यादव इन तथ्यों को राजनीतिक दुर्भावना के कारण स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
इसके साथ ही, डिप्टी सीएम ने तेजस्वी यादव द्वारा कानून-व्यवस्था पर उठाए गए सवालों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है, तो तेजस्वी यादव को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और यह समझना चाहिए कि ऐसा क्यों हो रहा है। लेकिन, यह खेदजनक है कि वे इस दिशा में कोई कदम उठाते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है, तो हमारी सरकार त्वरित कार्रवाई कर यह सुनिश्चित कर रही है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और कानून का राज स्थापित हो। लेकिन, यह अफसोस की बात है कि तेजस्वी यादव को यह सबकुछ नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में हम क्या कह सकते हैं?
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शराबबंदी के मुद्दे पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शराबबंदी की समीक्षा कई बार हो चुकी है। अब पीने वालों की तुलना में पिलाने वालों पर कार्रवाई को लेकर संशोधन किया जा चुका है। समय-समय पर हमारी सरकार इस दिशा में संशोधन कर रही है। साथ ही, मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि शराबबंदी लागू है और आगे भी रहेगी। इस दिशा में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष की तरफ से शराबबंदी को विफल बताया जाता है, तो मेरा सीधा सवाल है कि इसे सफल बनाने के लिए विपक्ष क्या कदम उठा रहा है। स्पष्ट है कि इस मुद्दे पर विपक्ष की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया जा रहा है। ये लोग केवल राजनीतिक दुर्भावना के कारण बयान दे रहे हैं, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
साथ ही, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने यह भी दावा किया कि प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष या केंद्र के नेता प्रतिपक्ष दोनों मिलकर इस पद की गरिमा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। यह सब कुछ उनकी अपरिपक्वता के कारण हो रहा है। आज का पूरा देश इनकी अपरिपक्वता से अवगत हो चुका है।