टी20 वर्ल्ड कप: अभिषेक शर्मा ने फाइनल में किया अर्धशतक का तूफानी प्रदर्शन
सारांश
Key Takeaways
- अभिषेक शर्मा ने फाइनल में 52 रन बनाए।
- टीम इंडिया ने पावरप्ले में 92 रन बनाए।
- फाइनल में अभिषेक-संजू की 50 रनों की ओपनिंग साझेदारी।
- टी20 विश्व कप में सबसे तेज 100 रन बनाने का रिकॉर्ड।
- न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 7.2 ओवर में 100 रन पूरे किए।
अहमदाबाद, 8 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले अभिषेक शर्मा के बल्ले से 7 पारियों में कुल 89 रन ही निकले थे। इस दौरान उनकी फॉर्म पर कई प्रश्न उठ रहे थे और चारों ओर से उनकी आलोचना हो रही थी। लेकिन नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में अभिषेक ने सभी सवालों का जवाब अपने बल्ले से दिया।
फाइनल मैच में अभिषेक शुरुआत से ही शानदार लय में दिखाई दिए। पारी की शुरुआत में मिले जीवनदान का उन्होंने भरपूर लाभ उठाया और अहमदाबाद में चौके-छक्कों की झड़ी लगाई। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मात्र 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन बनाते हुए 247 के स्ट्राइक रेट से 6 चौके और 3 छक्के लगाए।
अभिषेक ने संजू सैमसन के साथ मिलकर फाइनल में टीम इंडिया को तेज शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर सिर्फ 4 ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया। टी20 विश्व कप के फाइनल में उनके द्वारा की गई 50 रनों की ओपनिंग साझेदारी एक नई उपलब्धि बनी। इसके साथ ही टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। संजू और अभिषेक ने पावरप्ले में 92 रन बनाए।
टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में सबसे तेज 100 रन बनाने का रिकॉर्ड भी भारतीय टीम के नाम हो गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में टीम इंडिया ने सिर्फ 7.2 ओवर में 100 रन पूरे किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था, जिसने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7.5 ओवर में 100 रन बनाए थे।
फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है जबकि न्यूजीलैंड ने कोल मैककोन्ची के स्थान पर जैकब डफी को अंतिम एकादश में शामिल किया है।