टी20 विश्व कप: एडेन मार्करम की रिकॉर्ड तोड़ पारी, रोहित-डी कॉक को पछाड़ा
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 26 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को वेस्टइंडीज को 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में इस शानदार जीत के नायक कप्तान एडेन मार्करम रहे। मार्करम ने महज 46 गेंदों में 82 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके साथ ही उन्होंने कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए।
मार्करम, कप्तान के रूप में टी20 विश्व कप के किसी एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने अब तक 264 रन बनाए हैं, जिससे उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने टी20 विश्व कप में 257 रन बनाए थे।
एडेन मार्करम अब टी20 विश्व कप के एक संस्करण में साउथ अफ्रीका की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, उन्होंने क्विंटन डी कॉक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। डी कॉक ने 2024 के टी20 विश्व कप में 243 रन बनाए थे, जबकि मार्करम ने इस विश्व कप में 264 रन बना लिए हैं।
मार्करम ने टी20 विश्व कप में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में केन विलियमसन की बराबरी कर ली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने अपनी कप्तानी में साउथ अफ्रीका को 14वें मुकाबले में जीत दिलाई। कप्तान के तौर पर टी20 विश्व कप में सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम है, जिन्होंने भारतीय टीम को 21 मैचों में जीत दिलाई। मार्करम अब इस सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए 177 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने सिर्फ 16.1 ओवर में केवल एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। मार्करम और क्विंटन डी कॉक ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए मात्र 48 गेंदों में 95 रन जोड़े। डी कॉक ने 24 गेंदों में 47 रन बनाए और आउट हुए, जबकि मार्करम 7 चौके और 4 छक्कों के साथ 82 रन बनाकर नाबाद रहे। रयान रिकेल्टन ने 28 गेंदों में 45 रन बनाकर साउथ अफ्रीका को सुपर-8 राउंड में लगातार दूसरी जीत दिलाई।