क्या बांग्लादेश ने आयरलैंड को 8 विकेट से हराकर टी20 सीरीज 2-1 से जीती?
सारांश
मुख्य बातें
चटगांव, 2 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। बांग्लादेश ने आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। मेज़बान टीम ने मंगलवार को मतिउर रहमान स्टेडियम में खेले गए सीरीज के अंतिम मुकाबले में 8 विकेट से जीत हासिल की।
बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जिन्होंने 7 बाउंड्री के साथ 55 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, मेहदी हसन को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब मिला।
चटगांव में हुए इस मैच में, टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने उतरी आयरलैंड की टीम 19.5 ओवरों में सिर्फ 117 रन पर सिमट गई।
इस टीम को कप्तान पॉल स्टर्लिंग और टिम टेक्टर की जोड़ी ने एक स्थिर शुरुआत दी, जिसने 4 ओवरों में 38 रन जोड़े।
टिम टेक्टर 17 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद आयरलैंड के विकेटों की झड़ी लग गई। इस बीच, कप्तान स्टर्लिंग ने 27 गेंदों में 1 छक्का और 5 चौके38 रन का योगदान दिया।
बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन और मुस्तफिजुर रहमान ने 3-3 विकेट लिए, जबकि शोरीफुल इस्लाम ने 2 विकेट लिए।
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने मात्र 13.4 ओवरों में जीत हासिल की।
तंजीद हसन तमीम ने सैफ हसन के साथ पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े। सैफ 14 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, इसके बाद कप्तान लिटन दास (7) भी जल्दी आउट हो गए।
टीम ने 5.2 ओवरों में 46 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से तंजीद हसन ने परवेज हुसैन एमोन के साथ 50 गेंदों में 73 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।
तंजीद हसन ने 36 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 55 रन बनाए, जबकि परवेज ने 26 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 33 रन बनाए। आयरलैंड की ओर से क्रेग यंग और हैरी टेक्टर ने 1-1 सफलता प्राप्त की।
आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप के बाद, बांग्लादेश ने मेहमान टीम के खिलाफ पहला टी20 मैच 39 रन से गंवाया। इसके बाद बांग्लादेश ने शानदार वापसी करते हुए अगले मुकाबले को 4 विकेट से जीतकर सीरीज के अंतिम मैच को रोमांचक बना दिया था।