भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब जीता
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 8 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब पर कब्जा जमा लिया है। रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरा दिया। यह भारत का टी20 विश्व कप की ट्रॉफी का तीसरा अवसर है। भारत अब घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है। भारत द्वारा निर्धारित 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रनों पर ढेर हो गई।
फाइनल में भारत द्वारा दिए गए 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई न्यूजीलैंड की शुरुआत कमजोर रही। सेमीफाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले फिन एलन केवल 9 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। रचिन रविंद्र ने भी सिर्फ एक रन बनाया। ग्लेन फिलिप्स का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा, वे 5 रन बनाकर आउट हुए। मार्क चैपमेन को 3 रनों पर हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा। डेरिल मिचेल 17 रन बनाकर मैदान से बाहर हो गए।
एक छोर पर शानदार बल्लेबाजी कर रहे टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाए, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर आउट हो गए। सीफर्ट ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए। जेम्स नीशम ने 8 रन बनाए और मैट हेनरी भी बिना खाता खोले लौट गए। कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने लगातार विकेट खोते हुए 159 रन पर ऑलआउट हो गया। भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में केवल 15 रन देकर 4 विकेट लिए। अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट झटके।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन की साझेदारी की। अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। संजू ने टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड बनाया।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए। उन्होंने 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, हार्दिक पांड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। सूर्या बिना खाता खोले लौटे, जबकि हार्दिक ने 18 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर भारत को 5 विकेट पर 255 रनों के बड़े टोटल तक पहुंचाया। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर था। भारत ने 2007 और 2024 के बाद तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता है, और लगातार दूसरी बार इसे जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है।