आईपीएल 2026: रिजवी का धमाकेदार अर्धशतक, दिल्ली ने लखनऊ को 6 विकेट से हराया
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में एक शानदार जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत की है। इस टीम ने बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सीजन के पांचवें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। समीर रिजवी ने इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने 47 गेंदों में 70 रन की नाबाद पारी खेली।
बुधवार को टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। इस टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) का विकेट गंवाना पड़ा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम (11) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की।
मार्श ने टीम के लिए 35 रन का योगदान दिया। टीम ने 71 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन बनाए। मुकुल ने 14 रन जोड़े। विपक्षी टीम से लुंगी एनगिडी और टी नटराज ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव ने 2 विकेट निकाले। 1 विकेट अक्षर पटेल के खाते में गया।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवर में जीत हासिल की। डीसी को पहली गेंद पर केएल राहुल (0) का विकेट गंवाना पड़ा। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। इस बीच पथुम निसांका 1 रन, नितीश राणा 15 रन और कप्तान अक्षर पटेल खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।
यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी की, जिससे टीम ने 17 गेंदें शेष रहते जीत हासिल की। रिजवी ने 47 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 70 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी टीम से प्रिंस यादव ने 20 रन देकर 2 विकेट निकाले। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 विकेट मिला।