आईपीएल 2026: समीर रिजवी की शानदार पारी, दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में शानदार जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत की है। इस टीम ने बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीजन के पांचवे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया। समीर रिजवी ने 47 गेंदों में 70 रन की नाबाद पारी खेलकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बुधवार को टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी 18.4 ओवरों में 141 रन पर ढेर हो गई। इस टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) का विकेट गंवाना पड़ा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम (11) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की।
मार्श ने 35 रन का योगदान दिया। टीम ने 71 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए जबकि शाहबाज अहमद ने 15 रन बनाकर नाबाद रहे। मुकुल ने 14 रन जोड़े। विपक्षी टीम से लुंगी एनगिडी और टी नटराज ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव ने 2 विकेट निकाले। 1 विकेट अक्षर पटेल के नाम रहा।
दिल्ली कैपिटल्स ने जवाब में 17.1 ओवरों में जीत हासिल की। डीसी को पहले ही गेंद पर केएल राहुल (0) का विकेट मिला। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। इस बीच पथुम निसांका 1 रन, नितीश राणा 15 रन और कप्तान अक्षर पटेल खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।
यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर पांचवे विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी की और टीम को 17 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। रिजवी ने 47 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 70 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव ने 20 रन देकर 2 विकेट लिए। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 विकेट मिला।