आईपीएल 2026: समीर रिजवी का धमाकेदार अर्धशतक, दिल्ली ने लखनऊ को 6 विकेट से हराया
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सीजन के पांचवे मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया। समीर रिजवी इस मैच के नायक रहे, जिन्होंने 47 गेंदों में 70 रन की नाबाद पारी खेली।
बुधवार को टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी 18.4 ओवर में 141 रन पर आउट हो गई। टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद, मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की।
मार्श ने टीम के लिए 35 रन का योगदान दिया। टीम को 71 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट गंवाना पड़ा। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन बनाए। मुकुल ने टीम के लिए 14 रन जोड़े। विपक्षी टीम से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव ने 2 विकेट प्राप्त किए। अक्षर पटेल ने 1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में, दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवर में जीत हासिल की। डीसी को पहली गेंद पर केएल राहुल (0) के रूप में झटका लगा। इसके बाद, टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। इस बीच, पथुम निसांका 1 रन, नितीश राणा 15 रन और कप्तान अक्षर पटेल खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।
यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी की और टीम को 17 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। रिजवी ने 47 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 70 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी टीम से प्रिंस यादव ने 20 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने 1-1 विकेट लिया।