आईपीएल 2026 की शुरुआत: रिजवी की तूफानी पारी से दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ को हराया
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। इस टीम ने बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सीजन के पांचवें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया। इस मैच के नायक समीर रिजवी रहे, जिन्होंने 47 गेंदों में 70 रन की नाबाद पारी खेली।
बुधवार को टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी की टीम 18.4 ओवरों में 141 रन पर समेट दी गई। इस दौरान उन्हें 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम (11) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की।
मार्श ने अपनी टीम के लिए 35 रन का योगदान दिया। टीम ने 71 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहाँ से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद ने 15 रन बनाकर नाबाद रहे। मुकुल ने टीम के खाते में 14 रन जोड़े। विपक्षी टीम से लुंगी एनगिडी और टी नटराज ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट अक्षर पटेल के नाम रहा।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवरों में जीत हासिल की। डीसी को पहली गेंद पर केएल राहुल (0) के रूप में झटका लगा। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। इस बीच पथुम निसांका 1 रन, नितीश राणा 15 रन और कप्तान अक्षर पटेल खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।
यहाँ से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी कर टीम को 17 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। रिजवी ने 47 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 70 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव ने 20 रन देकर 2 विकेट निकाले। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 विकेट मिले।