आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का किया चयन, आरसीबी की नजर जीत की लय बनाए रखने पर
सारांश
मुख्य बातें
बेंगलुरु, 18 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 का 26वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया है।
टॉस के बाद अक्षर पटेल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट अच्छा और हार्ड लग रहा है। चिन्नास्वामी चेज करने के लिए एक सही ग्राउंड है। लगातार मैच हारने के बाद एक लंबा ब्रेक मिलना हमारे लिए फायदेमंद है। हमें अपनी ताकत पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। हम उसी प्लेइंग इलेवन के साथ खेलेंगे।"
दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन के पहले दो मैच जीते थे, लेकिन उसके बाद टीम को लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। आरसीबी के खिलाफ डीसी इस हार का सिलसिला तोड़ने का प्रयास करेगी।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, "पहले बल्लेबाजी करके खुश हूं क्योंकि हम इस ट्रैक पर पहले बल्लेबाजी करने की योजना बना रहे थे। यह एक दिन का खेल है, और अच्छी सरफेस दिख रही है। हम बोर्ड पर एक अच्छा टोटल बनाएंगे और उन पर दबाव डालेंगे। हम उसी साइड के साथ खेल रहे हैं। इस साल हमारा फाइनल चिन्नास्वामी में है, इसलिए हमें सभी घरेलू मैच जीतने होंगे।
आरसीबी इस मैच में ग्रीन जर्सी में उतर रही है। पाटीदार ने इसे पर्यावरण के प्रति जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
आरसीबी सीजन के 5 मैचों में 4 जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। टीम ने पिछले 2 मैच जीते हैं और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर जीत की लय बनाए रखने के इरादे से उतरेगी।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, औकिब नबी डार, लुंगी एंगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, मुकेश कुमार।
आरसीबी की प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड।