सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर ने सालंगपुर हनुमान मंदिर में वर्ल्ड कप ट्रॉफी का आशीर्वाद लिया
सारांश
मुख्य बातें
बोटाद, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ सालंगपुर हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचकर हनुमान जी के चरणों में ट्रॉफी को रखा और उनका आशीर्वाद लिया।
टी20 विश्व कप की जीत की मन्नत पूरी होने के उपलक्ष्य में सूर्यकुमार और गंभीर ने मंदिर में आकर हनुमान जी का धन्यवाद अर्पित किया। इस अवसर पर मंदिर में ध्वजा पूजन और विभिन्न विशेष रस्मों का आयोजन किया गया। सालंगपुर कष्टभंजन हनुमान जी मंदिर के संतों ने भारतीय टीम को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद दिया। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हनुमान जी के आशीर्वाद से भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप की सफलता प्राप्त की। इस मौके पर मंदिर में बड़ी संख्या में लोग गंभीर और सूर्यकुमार को देखने के लिए उपस्थित हुए।
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 96 रनों से जीत हासिल की। फाइनल में संजू सैमसन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए केवल 46 गेंदों में 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रनों का योगदान दिया। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर भारतीय टीम को 20 ओवर में 255 रनों के लक्ष्य तक पहुँचाया।
हालांकि, विशाल लक्ष्य के दबाव में न्यूजीलैंड का बल्लेबाजी क्रम बिखर गया और पूरी टीम 159 रन बनाकर आउट हो गई। गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में केवल 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि अक्षर पटेल ने 27 रन देकर न्यूजीलैंड के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। भारतीय टीम ने अपनी घरेलू धरती पर टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनने का गौरव प्राप्त किया।