क्या गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 175 रन का लक्ष्य दिया?
सारांश
मुख्य बातें
वडोदरा, 27 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। महिला प्रीमियर लीग का 2026 का 17वां मैच वडोदरा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट पर 174 रन बनाए।
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाज़ी में विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी की अर्धशतकीय पारी के चलते गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट पर 174 रन बनाए।
पारी की शुरुआत करते हुए बेथ मूनी ने 46 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 58 रन बनाए। मूनी ने अंशुका शर्मा (39 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। अंशुका ने 25 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 39 रन बनाए। इन दोनों के अलावा गुजरात जायंट्स का कोई और बल्लेबाज़ क्रीज पर नहीं टिक सका। अगर कोई एक बल्लेबाज़ क्रीज पर टिककर खेलता, तो स्कोर 200 के करीब जा सकता था। नौवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आई तनुजा कंवर ने 11 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के के साथ 21 रन बनाकर गुजरात को 174 तक पहुंचाया और एक प्रतिस्पर्धात्मक स्कोर दिया।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से एन चरणी ने सबसे प्रभावशाली गेंदबाजी की। इस बाएं हाथ की स्पिनर ने 4 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा चिनले हेनरी को 2 विकेट मिले। मारिजेन कैप, नंदनी शर्मा और मिन्नु मनी को 1-1 विकेट मिला।
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स दोनों ने अपने पिछले 6 मैचों में 3-3 जीत हासिल की है। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है। जीतने वाली टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। इसलिए इस मैच में रोमांच की उम्मीद है।