आईपीएल 2026: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम आरसीबी का हेड टू हेड रिकॉर्ड क्या कहता है?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 26 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आरसीबी के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
आईपीएल के इतिहास में इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 26 मुकाबले हुए हैं। इनमें से 13 मैच सनराइजर्स हैदराबाद ने जीते हैं, जबकि आरसीबी को 11 मुकाबलों में जीत हासिल हुई है। 2 मुकाबले बिना नतीजे के समाप्त हुए हैं। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी का प्रदर्शन पिछले सीजन में शानदार रहा था, और उन्होंने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार खिताब जीता था।
इस बार आरसीबी की टीम भी काफी मजबूत नजर आ रही है। बल्लेबाजी में विराट कोहली और फिल साल्ट ने पिछले सीजन में टीम को बेहतरीन शुरुआत दी थी। कोहली-साल्ट की जोड़ी इस आगामी सीजन में भी विपक्षी टीमों के लिए चुनौती बन सकती है। देवदत्त पडिक्कल ने घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है और इस बार वह नंबर तीन पर खेलते हुए नजर आ सकते हैं। टिम डेविड और जितेश शर्मा ने भी आईपीएल 2025 में अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था। रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या से इस सीजन में भी टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। वेंकटेश अय्यर के शामिल होने से टीम का बल्लेबाजी क्रम और भी मजबूत हुआ है।
हालांकि आरसीबी के लिए एक बुरी खबर यह है कि उनके तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे। उनकी अनुपस्थिति में भुवनेश्वर कुमार पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। यश दयाल की सेवाएं भी इस सीजन में टीम को नहीं मिलेंगी। न्यूजीलैंडजैकब डफी का प्रदर्शन भी आरसीबी के लिए महत्वपूर्ण होगा।
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद को एक बार फिर अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर रहना पड़ेगा। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और ईशान किशन की तिकड़ी से हैदराबाद को बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। पैट कमिंस की अनुपस्थिति में, ईशान शुरुआती मैचों में कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। हेनरिक क्लासन पिछले सीजन में टीम के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे, जबकि अनिकेत वर्मा ने फिनिशर के तौर पर अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से प्रभावित किया था। नीतीश कुमार रेड्डी इस सीजन में भी अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे, और लियाम लिविंगस्टन से भी टीम को उम्मीदें हैं।
हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद का बॉलिंग अटैक कमजोर नजर आ रहा है। कमिंस की अनुपस्थिति में, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। स्पिन विभाग में भी टीम के पास कोई बड़ा नाम नहीं है, लेकिन युवा स्पिनर जीशान अंसारी आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।