केरल सरकार 16 मार्च को विश्व कप हीरो संजू सैमसन को करेगी सम्मानित
सारांश
मुख्य बातें
तिरुवनंतपुरम, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को उनके गृह राज्य केरल की सरकार द्वारा 16 मार्च को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी केरल सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा पुष्टि की गई है।
मंत्रालय के अनुसार, राज्य सरकार टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य और टूर्नामेंट में श्रेष्ठ खिलाड़ी रहे संजू सैमसन का सम्मान करेगी। यह समारोह 16 मार्च को शाम 4 बजे तिरुवनंतपुरम सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा, राज्य सरकार के अन्य मंत्री, विभागों के मुख्य सचिव तथा गणमान्य अतिथि भी इस सम्मान समारोह का हिस्सा होंगे।
राज्य खेल मंत्रालय ने संजू सैमसन के स्वागत के लिए शानदार इंतजाम किए हैं।
विश्व कप के बाद तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर एयरपोर्ट पर संजू सैमसन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया था।
संजू सैमसन टी20 विश्व कप 2026 में अपने प्रदर्शन के चलते सबसे चर्चित खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। टूर्नामेंट के प्रारंभिक दौर में अधिकतर मैचों से बाहर रहे सैमसन को जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में मौका मिला। उस मैच में उन्होंने 15 गेंदों पर 24 रन बनाए थे। इस छोटी पारी में उनका आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इसके बाद उनके द्वारा खेले गए तीन यादगार पारियों ने न केवल भारतीय टीम को विश्व चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि उनका नाम भी इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित कर दिया।
क्वार्टरफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की पारी खेलकर सैमसन ने भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुँचाया। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 42 गेंदों पर 89 रन की पारी खेलकर इस दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ने टीम इंडिया को फाइनल का टिकट दिलाया। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 गेंदों पर 89 रन की पारी खेलकर भारत की खिताबी जीत का मार्ग प्रशस्त किया। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच रहे संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में केवल 5 मैच खेले और लगभग 200 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उन्हें टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया। सैमसन की पारियों ने दुनियाभर के भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।