केशव महाराज ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 50 टी20 मुकाबलों का सफर पूरा किया, डेविड मिलर का रिकॉर्ड कायम
सारांश
Key Takeaways
- केशव महाराज ने 50 टी20 मैच पूरे किए।
- दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया।
- डेविड मिलर का टी20 मैचों का रिकॉर्ड कायम है।
- केशव ने 4 ओवर में 2 विकेट लिए।
- दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
बे ओवल, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मुकाबले को 7 विकेट से जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान और बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज के लिए यह मुकाबला विशेष महत्व रखता था। यह उनका 50वां टी20 मैच था।
केशव महाराज अब दक्षिण अफ्रीका के लिए 50 टी20 मैच खेलने वाले 15वें खिलाड़ी बन गए हैं। इस दौरान उन्होंने 50 विकेट भी लिए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक टी20 मैच खेलने का रिकॉर्ड डेविड मिलर के नाम है, जिन्होंने 137 मैच खेले हैं। इसके बाद क्विंटन डिकॉक 110 मैचों के साथ दूसरे, रेजा हेंड्रिक्स 90 मैचों के साथ तीसरे, जेपी डुमिनी 81 मैचों के साथ चौथे और कगिसो रबाडा 79 मैचों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
केशव महाराज के लिए यह 50वां टी20 मुकाबला एक कप्तान और खिलाड़ी दोनों के तौर पर शानदार अनुभव रहा। उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच को 7 विकेट से जीतकर 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। मार्करम की अनुपस्थिति में महाराज न्यूजीलैंड सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी कर रहे हैं।
मैच का संक्षेप में विश्लेषण करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, जो गलत साबित हुआ। उनकी पूरी टीम 14.3 ओवरों में 91 रन पर समेट दी गई। सर्वाधिक 26 रन जिमी नीशम ने बनाए।
जीत के लिए 92 रन के लक्ष्य को पाने उतरी दक्षिण अफ्रीका की पारी में कॉनर एस्टरहुइजन ने 48 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 45 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दक्षिण अफ्रीका ने 16.3 ओवर में 3 विकेट पर 93 रन बनाकर जीत हासिल की।