क्या भारतीय खिलाड़ियों का बर्ताव सही था? आईसीसी के सामने उठाएंगे मुद्दा: मोहसिन नकवी
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 23 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बताया कि अंडर-19 एशिया कप फाइनल के दौरान भारतीय खिलाड़ियों का पाकिस्तानी खिलाड़ियों के प्रति गलत व्यवहार देखने को मिला था और वह इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के समक्ष उठाएंगे।
मोहसिन नकवी ने कहा कि फाइनल मैच में भारतीय खिलाड़ी लगातार पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उकसाते रहे। पाकिस्तान इस घटना की जानकारी आधिकारिक तौर पर आईसीसी को देगा। हमें खेल और राजनीति को हमेशा अलग रखना चाहिए।
अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मेंटर सरफराज अहमद ने भी कहा, "खेल के दौरान भारत का बर्ताव सही नहीं था और यह क्रिकेट की भावना के खिलाफ था। इसके बावजूद, हमने अपनी जीत का जश्न खेल की भावना के साथ मनाया। क्रिकेट हमेशा खेल भावना के साथ खेला जाना चाहिए।"
भारतीय खिलाड़ियों के खेल भावना से जुड़ा मुद्दा सबसे पहले सरफराज अहमद द्वारा उठाया गया था।
पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदुर के बाद एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच पहली बार मैदान पर दूरी देखने को मिली थी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया था। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने भी मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था।
अंडर-19 एशिया कप में भी भारतीय टीम का यही रवैया रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया।
अंडर-19 एशिया 2025 दुबई में हाल ही में संपन्न हुई है। लीग स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को हराया था, लेकिन 21 दिसंबर को हुए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ने भारत को 348 रन का लक्ष्य दिया था। भारतीय टीम 156 पर सिमट गई और 191 रन से खिताबी मुकाबला हार गई।