क्या केवल 2 दिनों में समाप्त हुआ पर्थ टेस्ट, ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से जीत हासिल की?
सारांश
मुख्य बातें
पर्थ, 22 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पर्थ स्टेडियम में आयोजित एशेज श्रृंखला 2025-26 के पहले मैच को 8 विकेट से जीतकर अपने नाम किया है। इसके साथ ही मेज़बान टीम ने 5 मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह मुकाबला मात्र दो दिन में समाप्त हो गया।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया। इस टीम ने 32.5 ओवर में केवल 172 रन बनाये। इंग्लैंड की तरफ से इस पारी में हैरी ब्रूक ने सर्वाधिक 52 रन बनाये, वहीं ओली पोप ने 46 रन की पारी खेली।
विपक्षी टीम की ओर से मिचेल स्टार्क ने 12.5 ओवर में 58 रन देकर 7 विकेट हासिल किए, जबकि ब्रेंडन डोगेट ने 2 विकेट लिए। एक विकेट कैमरून ग्रीन के नाम रहा।
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम केवल 132 रन पर सिमट गई। इस पारी में एलेक्स कैरी ने 26 रन बनाये, जबकि कैमरून ग्रीन ने 24 रन जोड़े।
इंग्लैंड की तरफ से कप्तान बेन स्टोक्स ने 6 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि ब्रायडन कार्स ने 3 विकेट निकाले।
इंग्लैंड ने पहली पारी के आधार पर 40 रन की बढ़त हासिल की थी। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 164 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 205 रन का लक्ष्य दिया।
दूसरी पारी में गस एटकिंसन ने सर्वाधिक 37 रन बनाये, जबकि ओली पोप ने 33 रन का योगदान दिया। बेन डकेट ने भी 28 रन की पारी खेली।
मिचेल स्टार्क और ब्रेंडन डोगेट ने इस पारी में 3-3 विकेट लिए, जबकि स्कॉट बोलैंड ने 4 विकेट निकाले।
सिर्फ 5 सेशन में 30 विकेट गिर चुके थे। यहाँ तक कि ऑस्ट्रेलिया के लिए 205 रन बनाना आसान नहीं लग रहा था, लेकिन सलामी जोड़ी ने मेज़बान टीम को शानदार शुरुआत देते हुए जीत की नींव रखी।
ट्रेविस हेड ने जैक वेदरलैंड के साथ मिलकर 11.3 ओवर में 75 रन जोड़े। वेदरलैंड 34 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, उसके बाद मार्नस लाबुशेन ने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। हेड ने 83 गेंदों में 4 छक्के और 16 चौके123 रन बनाये, जबकि लाबुशेन ने नाबाद 51 रन की पारी खेली।