शुभमन गिल को मिला पॉली उमरीगर अवॉर्ड, भारतीय कप्तान बने बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर
सारांश
Key Takeaways
- शुभमन गिल को पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
- गिल ने 2025 में 983 रन बनाए, जिसमें 5 शतक शामिल हैं।
- उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी जीते का साक्षी बने।
- टी20 फॉर्मेट में गिल का प्रदर्शन अपेक्षित नहीं रहा।
- आगामी वनडे विश्व कप पर गिल की नजरें हैं।
नई दिल्ली, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को बीसीसीआई द्वारा पॉली उमरीगर अवॉर्ड से नवाजा गया है। बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स में गिल को वर्ष 2024-25 का बेस्ट मेंस इंटरनेशनल क्रिकेटर घोषित किया गया है। गिल का प्रदर्शन वर्ष 2025 में बल्ले से अद्भुत रहा।
शुभमन गिल ने 2025 में 9 टेस्ट मैचों की 16 पारियों में 70 की औसत से कुल 983 रन बनाए। इस लंबे फॉर्मेट में गिल ने पिछले साल 5 शतक और एक अर्धशतक लगाया। इंग्लैंड में खेले गए 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में गिल ने 754 रन बनाए, जिससे वह इंग्लिश धरती पर एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने। उन्होंने 4 शतक और एक दोहरा शतक भी बनाया। वहीं, वनडे फॉर्मेट में भी गिल का प्रदर्शन शानदार रहा। भारतीय कप्तान ने 50 ओवर के इस फॉर्मेट में 11 मुकाबलों में 49 की औसत से 490 रन बनाए। शुभमन ने वनडे क्रिकेट में पिछले साल 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए।
वर्ष 2025 में शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। गिल की अगुवाई में टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस टूर्नामेंट में शुभमन ने 5 मैचों में 47 की औसत से 188 रन बनाए। हालांकि, गिल टी20 टीम में अपनी जगह नहीं बना सके। एशिया कप 2025 में गिल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जहां उन्होंने 7 मुकाबलों में 21 की औसत से केवल 127 रन बनाए।
एशिया कप में खराब प्रदर्शन के कारण गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम में नहीं शामिल किया गया। 2025 में क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 15 मुकाबलों में शुभमन गिल ने 24 की औसत और 137 के स्ट्राइक रेट से महज 291 रन बनाए। पिछले साल टी20 इंटरनेशनल में गिल ने एक भी शतक या अर्धशतक नहीं बनाया। एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप में शुभमन गिल की नजरें अब 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप पर हैं।