टी20 विश्व कप 2026: भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मुकाबला, ये 4 खिलाड़ी हैं टीम का हिस्सा
सारांश
Key Takeaways
- टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल अहमदाबाद में होगा।
- भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड खराब है।
- 2021 में खेला गया आखिरी मैच भारत के लिए हार का कारण बना।
- ईशान, हार्दिक, बुमराह, और वरुण टीम का हिस्सा हैं।
- इन खिलाड़ियों का फॉर्म महत्वपूर्ण है।
नई दिल्ली, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलना है। टीम इंडिया लगभग 5 साल बाद टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला करेगी।
भारतीय टीम का टी20 विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा है। अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल 3 मुकाबले हुए हैं और तीनों ही मैचों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। यह आंकड़ा फाइनल से पहले भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है।
टी20 विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी मैच 2021 में खेला गया था। दुबई में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पिछले 5 वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमें काफी बदल चुकी हैं। भारतीय टीम के बारे में बात करें तो 5 साल पहले के मैच में केवल 4 खिलाड़ी ऐसे थे जो वर्तमान टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ये खिलाड़ी हैं ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती। इसके अलावा अन्य 7 खिलाड़ी या तो इस फॉर्मेट से अलविदा ले चुके हैं या फिर टीम में जगह बनाने में सफल नहीं हो सके।
उस मैच में ईशान किशन ने 4 रन बनाए थे। हार्दिक पांड्या ने 24 गेंदों पर 23 रन की पारी खेली थी। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या को कोई विकेट नहीं मिला, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए थे।
ईशान, हार्दिक, और बुमराह तीनों ही मौजूदा विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं। ईशान ने बल्लेबाजी में और बुमराह ने गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ बुमराह की गेंदबाजी की वजह से ही टीम इंडिया जीत पाई। हार्दिक दोनों ही विभागों में शानदार रहे हैं। वरुण का फॉर्म हाल के दिनों में गिरा है, लेकिन वे वापसी कर सकते हैं।
इन चारों खिलाड़ियों के पास एक मजबूत प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप में न केवल पहली जीत दिलाने का मौका है, बल्कि भारत को चैंपियन बनाने का अवसर भी है। पुराने आंकड़े या रिकॉर्ड सुधारने के लिए होते हैं। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया अपना रिकॉर्ड ऐतिहासिक रूप से सुधार सकती है।