टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने भारत को 188 रन का लक्ष्य दिया
सारांश
Key Takeaways
- साउथ अफ्रीका ने 188 रन का लक्ष्य दिया।
- डेविड मिलर ने 63 रन बनाए।
- जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए।
- टीम इंडिया की नजरें जीत पर हैं।
- नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुकाबला हुआ।
अहमदाबाद, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीत के लिए 188 रन का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। टीम इंडिया की उम्मीदें इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए जीत के साथ सुपर-8 के सफर की शुरुआत करने पर होंगी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। टीम को इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में डेवाल्ड ब्रेविस (45), डेविड मिलर (63) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 44) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
साउथ अफ्रीका की शुरुआत काफी निराशाजनक रही। 1.5 ओवर में क्विंटन डी कॉक को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया, वे केवल 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद 2.4 ओवर में मेहमान टीम को कप्तान एडेन मार्करम (4) के रूप में दूसरा झटका लगा। चौथे ओवर की अंतिम गेंद पर रयान रिकेल्टन (7) भी पवेलियन लौट गए।
साउथ अफ्रीकी टीम 20 रन तक आते-आते 3 विकेट खो चुकी थी। यहां से डेवाल्ड ब्रेविस ने डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों में 97 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला।
ब्रेविस ने 29 गेंदों में 3 छक्कों और 3 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, इसके बाद मिलर ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 रन जोड़ते हुए मेहमान टीम को इस विशाल स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। मिलर ने 35 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 63 रन की पारी खेली, जबकि स्टब्स ने 24 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ नाबाद 44 रन का योगदान दिया।
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट प्राप्त किए। इसके अलावा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट हासिल किए।
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मारको जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज.