टी20 वर्ल्ड कप 2026: टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका ने चुनी बल्लेबाजी, भारत में नहीं हुआ कोई बदलाव
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत के खिलाफ सुपर-8 राउंड के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है। यह मैच नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है।
साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं, जबकि भारतीय टीम ने अपनी विजेता संयोजन में कोई परिवर्तन नहीं किया है।
टॉस जीतने के बाद एडेन मार्करम ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। यह सभी के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर है। हम यहाँ कुछ मैच पहले खेल चुके हैं और यह अनुभव हमारे लिए लाभदायक होगा। हमारी प्लेइंग इलेवन में लुंगी एनगिडी, मार्को जानसेन और केशव महाराज की वापसी हुई है।"
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि यदि वह टॉस जीतते, तो वह भी पहले बल्लेबाजी का विकल्प चुनते। सूर्या ने पुष्टि की है कि भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है और ग्रुप स्टेज में सभी मैचों में जीत हासिल की है। बल्लेबाजी में ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाये हैं। ईशान ने चार मैचों में 202 के स्ट्राइक रेट के साथ 176 रन बनाये हैं, जबकि कप्तान सूर्यकुमार ने भी चार मैचों में 162 रन बनाये हैं।
गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती बल्लेबाजों के लिए एक चुनौती बन गए हैं, उन्होंने चार मैचों में 9 विकेट लिए हैं। हार्दिक पांड्या ने भी बल्ला और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जबकि जसप्रीत बुमराह विकेट चटकाने के साथ-साथ रनों पर नियंत्रण रखने में सफल रहे हैं।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने भी ग्रुप स्टेज में सभी मुकाबले जीतकर सुपर-8 में प्रवेश लिया है। कप्तान एडेन मार्करम ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाए हैं, उन्होंने चार मैचों में 178 रन बनाए हैं। रयान रिकेल्टन ने भी 190 के स्ट्राइक रेट से 145 रन बनाये हैं। साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा है और वह इस मैच में भारत के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज।