टी20 विश्व कप: साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का विकल्प चुना, भारत की टीम अपरिवर्तित
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत के खिलाफ खेले जा रहे सुपर-8 राउंड के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है। इस महत्वपूर्ण मैच की मेज़बानी नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम कर रहा है।
साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं, जबकि भारतीय टीम ने अपने विजयी संयोजन को बनाए रखा है।
टॉस के बाद एडेन मार्करम ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। यह सभी खिलाड़ियों के लिए शानदार प्रदर्शन का अवसर है। हमें इस मैदान पर पहले कुछ मैच खेलने का अनुभव है। हमने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। लुंगी एनगिडी, मारको जानसेन, और केशव महाराज की वापसी हुई है।"
वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि यदि वे टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी का निर्णय लेते। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम ने अपनी अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है।
सूर्यकुमार की कप्तानी में टीम इंडिया अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है। ग्रुप स्टेज में खेले गए सभी मैचों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। बल्लेबाजी में ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं, जिन्होंने चार मैचों में 202 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए हैं। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार ने भी 162 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने बल्लेबाजों के लिए टेढ़ी चुनौती पेश की है, उन्होंने चार मैचों में 9 विकेट लिए हैं। हार्दिक पांड्या ने भी बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया। जसप्रीत बुमराह विकेट लेने के साथ-साथ रन रोकने में भी सफल रहे हैं।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई है। कप्तान एडेन मार्करम ने टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाए हैं, 4 मैचों में 178 रन बनाए हैं। रयान रिकेल्टन ने भी 190 के स्ट्राइक रेट से 145 रन बनाए हैं। साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है और वे भारत के लिए खतरा साबित हो सकते हैं।
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज।