टीम इंडिया ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में 7 रनों से हराया, फाइनल में न्यूजीलैंड से होगी टक्कर
सारांश
Key Takeaways
- टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया।
- खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
- फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना होगा।
- संजू सैमसन ने 89 रन बनाए।
- जैकब बेथेल ने 105 रन की पारी खेली।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से मात दी। भारत द्वारा निर्धारित लक्ष्य 254 रनों का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 246 रन बनाकर ही सिमट गई।
254 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत निराशाजनक रही। फिल साल्ट केवल 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक भी 7 रन बनाकर आउट हुए। जोस बटलर एक बार फिर अच्छी शुरुआत का लाभ नहीं उठा सके और 17 गेंदों में 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। टॉम बैंटन भी 5 गेंदों में 17 रन बनाकर चलते बने। 95 के स्कोर पर इंग्लैंड के चार विकेट गिर गए थे।
हालांकि, इसके बाद विल जैक्स और जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन जोड़े। जैक्स ने 20 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सैम करन और बेथेल ने छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी निभाई। करन ने 14 गेंदों में 18 रन बनाए। जैकब बेथेल ने 45 गेंदों में शतक पूरा किया और 48 गेंदों में 105 रनों की अद्भुत पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। लेकिन वह इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप और बुमराह ने एक-एक विकेट चटकाया।
इससे पहले भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। शिवम दुबे ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 25 गेंदों में 43 रन बनाए। अभिषेक शर्मा एक बार फिर निराश कर गए और 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन और हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की गेंदबाजी में विल जैक्स और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 61 रन खर्च किए। फाइनल में टीम इंडिया का सामना अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा।