क्या टिम सेफर्ट के शतक ने मेलबर्न रेनेगेड्स को जीत दिलाई?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 15 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। मेलबर्न रेनेगेड्स ने जिलॉन्ग के सिमोंड्स स्टेडियम में ब्रिस्बेन हीट के खिलाफ बिग बैश लीग (बीबीएल) 2025 के दूसरे मुकाबले में 14 रन से जीत हासिल की। टिम सेफर्ट को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब दिया गया।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मेलबर्न रेनेगेड्स ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए।
जोश ब्राउन और टिम सेफर्ट ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवरों में 28 रन जोड़े। ब्राउन 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोहम्मद रिजवान (4) और जेक फ्रेजर-मैकगर्क (14) भी जल्दी ही चलते बने। टीम ने 82 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद, टिम सेफर्ट ने ओलिवर पीक के साथ चौथे विकेट के लिए 54 गेंदों में 121 रन की शानदार साझेदारी की, जिससे टीम 200 के पार पहुंच गई।
सेफर्ट ने 56 गेंदों में 6 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 102 रन बनाए, जबकि ओलिवर पीक ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल थे।
विपक्षी टीम की ओर से जैक विल्डरमुथ ने 3 विकेट लिए, जबकि जेवियर बार्टलेट और पैट्रिक डूले ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
जबकि ब्रिस्बेन हीट ने 8 विकेट खोकर सिर्फ 198 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और उसने 55 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए। यहां से कॉलिन मुनरो ने मैक्स ब्रायंट के साथ चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़े।
मैक्स ब्रायंट 14 रन बनाकर आउट हुए और इसके बाद ब्रिस्बेन ने 108 के स्कोर पर अपना छठा विकेट भी खो दिया।
जिमी पियर्सन ने ह्यूग वेइबगेन के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 78 रन जोड़े। जिमी पियर्सन ने 22 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि ह्यूग वेइबगेन 38 रन बनाकर नाबाद रहे।
विपक्षी टीम के लिए कप्तान विल सदरलैंड ने 3 विकेट लिए, जबकि जेसन बेहरेनडॉर्फ और गुरिंदर संधू को 2-2 विकेट मिले।