सीएम फडणवीस ने की बड़ी घोषणा: महाराष्ट्र में बिजली दरें 5 साल तक नहीं बढ़ेंगी
सारांश
Key Takeaways
- बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं होगी।
- डेटा सेंटर के लिए 4,500 मेगावॉट बिजली की व्यवस्था।
- महावितरण का राजस्व 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक।
- दिन में बिजली पर 25%25 छूट मिलेगी।
- औद्योगिक बिजली की मांग में 23%25 की वृद्धि।
मुंबई, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र विधानसभा में ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में स्पष्ट किया कि राज्य में अगले पाँच वर्षों तक बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी, जिससे उद्योगों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र में औद्योगिक गतिविधियों में तेजी से वृद्धि के साथ बिजली की मांग में भी उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक बिजली की मांग लगभग 23 प्रतिशत बढ़ी है। इसके बावजूद, अन्य प्रतिस्पर्धी राज्यों की तुलना में महाराष्ट्र में बिजली दरें अभी भी सस्ती हैं।
सीएम फडणवीस ने कहा कि सरकार ने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बिजली उत्पादन और आपूर्ति की मजबूत व्यवस्था की है। विशेष रूप से डेटा सेंटर क्षेत्र के लिए राज्य ने व्यापक तैयारी की है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में डेटा सेंटर परियोजनाओं के लिए लगभग 4,500 मेगावॉट बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि तेजी से बढ़ते डिजिटल और आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर को बिजली की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी बताया कि महाराष्ट्र देश का प्रमुख डेटा सेंटर हब बनता जा रहा है, जहाँ बड़ी संख्या में डेटा सेंटर स्थापित हो रहे हैं। ऐसे में लगातार और स्थिर बिजली आपूर्ति की अत्यधिक आवश्यकता है, जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने दीर्घकालिक योजना तैयार की है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की बिजली वितरण कंपनी महावितरण का उल्लेख करते हुए कहा कि कंपनी ने 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक राजस्व का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही महावितरण देश की सबसे बड़ी बिजली वितरण कंपनियों में शामिल हो गई है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बिजली दरों में राहत को लेकर एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि पहले रात के समय बिजली की अधिक उपलब्धता के कारण सस्ती दरों पर बिजली दी जाती थी, लेकिन अब दिन में भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध होने के चलते सरकार ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली पर लगभग 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।