सीएम योगी ने 'जनता दर्शन' में लोगों की समस्याएं सुनीं, जनसेवा का किया आश्वासन
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों की समस्याओं को सुना और शिकायतों का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का प्राथमिक कर्तव्य है और यह अपने कर्तव्य का पालन करते हुए प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा में तत्पर है। हर उचित समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
बरेली की निवासी दीप्ति ने 'जनता दर्शन' में अपने दुखों को साझा किया। उन्होंने कहा कि वह किराए के मकान में रहकर ठेला लगाकर जीवन यापन कर रही हैं और आर्थिक कठिनाई के चलते अपने बच्चों की परवरिश में काफी परेशानियों का सामना कर रही हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने बरेली के जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि दीप्ति की समस्या का समाधान करते हुए उन्हें पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने की व्यवस्था करें। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता देखकर दीप्ति की आँखों में आंसू आ गए और उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
'जनता दर्शन' में कई लोगों ने आवास की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार हर पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध करा रही है। उन्होंने संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्रता के आधार पर आवेदकों को आवास योजना का लाभ दिलाएं। इन लोगों ने भी मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कुछ लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री योगी ने तुरंत एस्टीमेट तैयार करने का आदेश दिया और कहा कि परिजनों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं, सरकार इलाज की जिम्मेदारी लेगी। वहीं कुछ अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई को लेकर आर्थिक समस्याओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई नहीं रुके। शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधन से बातचीत की जाए। सीएम ने अवैध कब्जों और पुलिस से जुड़े मामलों में लापरवाही का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।