क्या सीएम योगी ने ‘जनता दर्शन’ में नागरिकों से मुलाकात की?
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 8 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच सोमवार को ‘जनता दर्शन’ का आयोजन किया। सीएम योगी प्रदेश के सभी वर्गों की भलाई के लिए आम जनता से सीधा संवाद करते हैं। इस प्रक्रिया के तहत वे लोगों की समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान के लिए कार्रवाई करते हैं।
सोमवार को भी जनता दर्शन में अपनी समस्याओं के साथ 42 नागरिक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आप सभी निश्चिंत होकर घर जा सकते हैं, हर समस्या का उचित समाधान किया जाएगा।
‘जनता दर्शन’ में आए 42 लोगों में से पांच ने चिकित्सा सहायता की मांग की और मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर उन्होंने अस्पताल से एस्टिमेट तैयार करने का निर्देश दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार चिकित्सा सहायता पहले दिन से उपलब्ध करा रही है, धन की कमी से किसी का इलाज नहीं रुकेगा।
इसके अलावा, जनता दर्शन में लोगों ने पुलिस और अवैध कब्जों की शिकायतें भी की। मुख्यमंत्री ने सभी की प्रार्थना पत्र को स्वीकार किया और निर्देश दिया कि जनता से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। इसके बाद शिकायतकर्ताओं से प्रतिक्रिया भी ली जाएगी। सरकार हर पीड़ित की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कुछ जरूरतमंदों ने आवास की मांग भी की, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पीएम/सीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने एक एक्सपोस्ट में लिखा, "जन-जन के कल्याण के लिए कटिबद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित 'जनता दर्शन' में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया।"