क्या राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहते हैं?: गौरव वल्लभ
सारांश
Key Takeaways
नई दिल्ली, 14 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि वे देश की संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सबसे पहले चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए, लेकिन वे वहां नहीं जाते हैं। जयराम रमेश के पत्र के जवाब में चुनाव आयोग ने तीस लोगों को बुलाया था, लेकिन राहुल गांधी नहीं गए। उन्होंने लिखित में हलफनामा भी नहीं दिया। वे केवल इसे राजनीति का हथकंडा बनाने में लगे हुए हैं। राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहते हैं और भय तथा अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। उनकी कोशिश लोकतंत्र के प्रति लोगों के मन में अविश्वास का भाव पैदा करना है।
गौरव वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि यह संविधान बाबा साहब का है। कांग्रेस पार्टी ने इस संविधान पर कई बार हमला करने की कोशिश की है। हमारी पार्टी और देश की जनता संविधान को लेकर अडिग हैं और इसकी मजबूती के लिए हम निरंतर काम करते रहेंगे। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या आप रायबरेली और वायनाड से केवल इसलिए जीते हैं क्योंकि वहां लोगों के दो से चार ईपिक कार्ड बने हुए हैं? अगर हां, तो उन्हें संसद की सदस्यता से इस्तीफा देना चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं, तो हम आपकी बात पर एतबार करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी एसआईआर के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रहे हैं। वे पटना में इसका विरोध करते हैं और दिल्ली में आकर अलग बातें करते हैं। अगर आप इसी तरह की राजनीति करते रहे, तो एक दिन कांग्रेस पार्टी खत्म हो जाएगी। वे एसआईआर प्रक्रिया का विरोध करते हैं, जो डुप्लीकेट वोटरों, घुसपैठियों और अवैध रूप से मतदाता सूची में जुड़े लोगों का नाम हटाने के लिए है। आप घुसपैठियों का रहनुमा बनना बंद करें।